Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : कुख्यात बद्दो की कोठी पर दूसरे दिन भी चला...

UP News : कुख्यात बद्दो की कोठी पर दूसरे दिन भी चला बुल्डोजर

मेरठ (हि. स.)। पुलिस कस्टडी से फरार ढाई लाख के इनामी बदन सिंह उर्फ बद्दो की कोठी पर शुक्रवार को दूसरे दिन भी एमडीए का बुल्डोजर चला। इस दौरान मेरठ विकास प्राधिकरण की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में बद्दो की कोठी को लगभग जमींदोज कर दिया। कार्रवाई को देखने के लिए छतों पर लोगों की भीड़ जमा रही। 
मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा पंजाबी पुरा स्थित कुख्यात बदन सिंह उर्फ बद्दो की कोठी को अवैध घोषित किया गया था। जिसके बाद कमिश्नर के आदेश पर गुरुवार से इस कोठी के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही चल रही है। एमडीए के डिप्टी कलेक्टर मनोज सिंह और जोनल अधिकारी धीरज सिंह के नेतृत्व में एसपी सिटी और कई थानों की फोर्स की मौजूदगी में आधी से अधिक कोठी को तोड़ा जा चुका था। शुक्रवार को एमडीए की टीम ने एक बार फिर से ध्वस्तीकरण का काम शुरू किया। इस दौरान थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। आसपास घनी आबादी होने के कारण मेरठ विकास प्राधिकरण की जेसीबी बहुत सतर्कता के साथ बद्दो की कोठी को ध्वस्त करने में जुटी रही। बताते चलें कि बद्दो की कोठी के अगल-बगल में अन्य किसी मकान को नुकसान ना पहुंचे इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है। दोपहर तक मेरठ विकास प्राधिकरण की टीम पूरी कोठी को जमींदोज कर चुकी थी। 

RELATED ARTICLES

Most Popular