मेरठ (हि.स.)। मेरठ जिले में एक बार फिर तेंदुए की दस्तक के चलते ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। किठौर थाना क्षेत्र के भड़ौली गांव में तेंदुआ देखा गया है। उसकी तलाश में ग्रामीण और वन विभाग की टीम खेतों में कांबिंग कर रहे हैं।
भड़ौली गांव के जंगल में ग्रामीणों ने शनिवार सुबह एक तेंदुए को घूमते देखा। दहशत में आए ग्रामीण दौड़कर गांव में पहुंचे और मामले की जानकारी दी। गांव में तेंदुआ होने की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडे और हथियार लेकर तेंदुए की तलाश में जुट गए। ग्रामीण काफी देर तक खेतों में तेंदुए को तलाशते रहे, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने जमीन पर बने पंजों को देखकर तेंदुआ होने की पुष्टि की है। इसी के साथ पिंजरा मंगवा कर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण और वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटे थे।
