झांसी (हि.स.)। जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने नगर पंचायत एरच में नवनिर्मित आसरा आवास में 10 अक्टूबर को छज्जा गिरने की घटना को गंम्भीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय तकनीकी जांच समिति गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट दिए जाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने एरच जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके मद्देनजर जनपद में कार्यरत समस्त कार्यदाई संस्थाओं को ताकीद करते हुये कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाये। यदि निर्माण कार्य में जांचोपरान्त कोई गड़बड़ी पायी जाती है तो सख्त कार्यवाही करते हुये संस्था को ब्लैक लिस्टिड किया जायेगा। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत एरच में आसरा आवास योजनान्तर्गत एरच-1 में 144 आवास एवं एरच-2 में 84 आवासों का निर्माण कराया गया था।
कार्यदायी संस्था द्वारा दोनों परियोजनाओं के आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण करते हुये आवासों का हस्तांतरण अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को किया जा चुका है। एरच-1 में 144 आवासों के सापेक्ष 72 आवासों का आवंटन किया जा चुका है। एरच-2 में 84 आवासों में कोई भी आवास आवंटन नहीं हुआ तथा एरच-2 में विगत कुछ समय से 15 से 20 परिवार कुछ ब्लाॅकों में अवैध तरीके से रह रहे है। जिलाधिकारी ने जांच के आदेश देते हुये कहा कि बगैर आवंटित कैसे रह रहे थे इसकी जांच करते हुये दोषियों पर कार्यवाही की जाये।
जिलाधिकारी ने आसरा आवास की उक्त दोनों परियोजनाओं की गुणवत्ता एवं मजबूती की जांच तथा गुणवत्ता में सुधार किये जाने नगर आयुक्त, नगर निगम, परियोजना निदेशक डूडा की अध्यक्षता में 05 सदस्यीय समिति जिसमें उपाध्यक्ष झांसी विकास प्राधिकरण, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), प्रअ स्थानीय निकाय, अधिशासी अभियंता नगर निगम, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं आरपी सिंह परियोजना प्रबन्धक राजकीय निर्माण निगम को शामिल करते हुये गठित की गयी।
निर्देश दिये कि आवासों की गुणवत्ता एवं मजबूती की जांच तथा गुणवत्ता में सुधार किये जाने के लिए उच्च स्तरीय तकनीकी समिति अपनी संस्तुति तथा आवंटन प्रक्रिया के सम्बन्ध में अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रेषित करें।
