बाराबंकी (हि.स.)। कोतवाली नगर क्षेत्र के एक विद्यालय के पीछे शुक्रवार को मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। एक तरफा प्रेमप्रसंग को लेकर प्रेमीजोड़े ने युवक की हत्या की थी।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक आरएस गौतम ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र के मुहल्ला वाल्मीकि नगर में रहने वाला भरत वर्मा का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक विद्यालय के पीछे पाया गया था। शव को देखकर ही ऐसा लग रहा था कि यह किसी रंजिश के तहत युवक की हत्या की गयी है और पुलिस की जांच भी इसी अन्देशे की तरफ ही बढ़ी।
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी। पुलिस ने हत्या के मुख्य अभियुक्त शिवम शुक्ला, पड़ोसी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार चापड़,अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त स्कूटर बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि भरत वर्मा की हत्या पड़ोस में रहने वाली एक विवाहिता के प्रेम के कारण ही हुयी थी।पकड़ा गया युवक शिवम अविविहाहित है और महिला शादीशुदा है| महिला अपने मामा के यहां आकर रहती है और उसके पड़ोसी भरत वर्मा उससे एकतरफा प्रेम करने लगा था। उसने कई बार इसका इजहार महिला से किया भी था, इस पर महिला ने भरत के परिवार से शिकायत की थी।
वहीं, महिला की दोस्ती शिवम से थी और वह उससे बात भी करती थी। महिला के घर आने-जाने पर भरत को आपत्ति थी जिसके कारण शिवम से उसकी नोकझोंक भी हुयी थी।
भरत की शिकायत महिला ने शिवम से भी की थी और रास्ते से हटाने की बात भी कही थी| इसी कड़ी में 22 अक्टूबर को फोन करके भरत को शिवम ने बुलाया। दोनों के बीच महिला को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान शिवम ने धारदार हथियार से हमला कर भरत को की हत्या कर दी।
एसपी ने बताया कि आरोपितों ने अपने जुर्म को स्वीकार लिया है। युवक की हत्या के आरोप में दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
