Up News : इंटर की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सहेलियों पर लगा मारने का आरोप


– हिरासत में ली गयीं दोनों सहेलियों से पूछताछ कर रही पुलिस

कानपुर (हि.स.)। बाबूपुरवा में संदिग्ध परिस्थितियों में इंटर की छात्रा की मौत हो गयी। मृतका के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाली दो सहेलियों पर जहरीला इंजेक्शन देकर जान से मारने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपित दोनों सहेलियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ढकनपुरवा में रहने वाली स्व. प्रेम नारायण की 21 वर्षीय पुत्री चित्रा जो कि इंटर की छात्रा बतायी जा रही है। दो दिन पूर्व पड़ोस में रहने वाली दो सहेलियों व उनके साथ आये दो अज्ञात लड़कों के साथ कार से पार्टी के लिए निकली थी और रात में वापस घर लौटी। बताया जा रहा है कि कल सुबह भी वह अपने सहेलियों के साथ गयी थी। दोपहर करीब तीन बजे घर लौटी और कमरे में जाकर लेट गयी। परिजनों ने जब पूछा तो स्वास्थ्य ठीक न होने की बात कही। हालत बिगड़ते देख उसे निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। मामला संदिग्ध देख डाक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया। जहां करीब सात बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। परिजन शव लेकर घर चले गये और गुरुवार को घर पर ही शव को रखकर पड़ोस की रहने वाली मृतका की दो सहेलियों पर मारने का आरोप लगा दिये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला संदिग्ध होने पर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दोनों आरोपित सहेलियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतका की मामी नैना ने पड़ोस में रहने वाली दो सहेलियों पर जहरीला इंजेक्शन देकर मारने का आरोप लगाया है। मामी ने कहा कि घर लौटी चित्रा का पूरा बदन नीला पड़ा था। शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिये थे। सीओ बाबूपुरवा आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

error: Content is protected !!