वाराणसी(हि.स.)। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के तहत देश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ऑल इंडिया कोटा के तहत ओबीसी वर्ग को 27 फीसद आरक्षण देने पर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा काशी क्षेत्र के कार्यकर्ता बेहद उत्साहित है।
दशाश्वमेध घाट पर रविवार को जुटे कार्यकर्ताओं ने अपने समाज को आरक्षण मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने गंगा पूजन के बाद मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर प्रधानमंत्री के दीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री न केवल देश वरन पूरे विश्व में अपना एक महत्वपूर्ण स्थान बना सके, इसके लिए मां गंगा से गुहार लगाई गई।
प्रधानमंत्री का आभार जताने वालों में पिछड़ा मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल, उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा, विनय मौर्या, शंकर साहनी, नाविक समाज के संरक्षक शशि भूषण कश्यप, अध्यक्ष सोनू साहनी, नन्दू सहानी, दीपू साहनी, राजन साहनी, पार्षद नरसिंह दास, ओम प्रकाश यादव बाबू,अनूप गुप्ता आदि उपस्थित रहें।
