पूर्व चैयरमैन जनपद के बड़े शराब व्यापारी भी है
जौनपुर (हि.स.)। आयकर विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश जायसवाल के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। पूर्व चेयरमैन शराब के बड़े व्यापारी हैं। इतना ही नहीं उनके परिवार से जुड़े लोग फैक्ट्री होटल व विभिन्न प्रतिष्ठानों के मालिक हैं।
गुरुवार की सुबह वाराणसी से आयकर विभाग की टीम के अधिकारी व कर्मचारी करीब दो दर्जन गाड़ियों के साथ नगर में पहुंचे। इस दौरान ओम प्रकाश जायसवाल के जेसीज चौक स्थित आवास आजमगढ़ रोड स्थित फार्म हाउस के साथ ही साथ उनकी ऑफिसों और और उनके परिवार से जुड़े लोगों के होटल फैक्ट्री व अन्य प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी।
इस दौरान टीम ने लोगों के अंदर जाने व बाहर आने पर पाबंदी लगा दी। सभी के फोन को जब्त कर लिया है। टीम के सदस्य कागजात कंप्यूटर व अन्य दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए। आयकर टीम के आने की यह खबर थोड़ी देर में नगर में आग की तरह फैल गई।
आयकर के एक अधिकारी ने बताया कि करोड़ों रुपये के लेनदेन में टैक्स चोरी की आशंका है। इस बाबत व्यापक जांच पड़ताल के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, कार्रवाई चल रही है।
