– डीएम से की खण्ड विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
झांसी(हि.स.)। मंगलवार को जनपद की सबसे बड़ी तहसील मऊरानीपुर में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील समाधान दिवस में समूह की महिलाओं द्वारा जमकर हंगामा करते हुए खण्ड विकाश अधिकारी के विरुद्ध नारेबाजी की गई साथ ही जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्यवाही करने की मांग की। मामला संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मऊरानीपुर के तहसील दिवस में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका समूह की महिलाओं ने मंगलवार को पहुंचकर खंड विकास अधिकारी पर महिलाओं से अभद्रता करने तथा मानदेय न दिए जाने को लेकर खूब हंगामा काटा। तहसील परिसर में खंड विकास अधिकारी द्वारा समूह की महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा कोराना काल मे जो कार्य किया गया है उसका अभी तक मानदेय नहीं मिला है। उन्होंने मानदेय जल्द से जल्द दिलवाए जाने के साथ ही उनके साथ अभद्रता करने पर खण्ड विकास अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।
