मथुरा (हि.स.)। कोतवाली वृंदावन पुलिस और एसओजी टीम ने दो दिन पूर्व ओमेक्स सिटी के फ्लैट में महिला को बंधक बनाकर लूटकांड को अंजाम देने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर सरकारी हरे फ्लैट ब्लाक 10 से आठ लाख कीमत के जेवरात बरामद किए है। मंगलवार दोपहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लूटकांड का खुलासा किया है।
विदित रहे कि, सुनीता चावला पत्नी सतीश चावला निवासी फ्लैट नं. 102 गोविन्दा 2आई ओमेक्स सिटी को दो जनवरी दोपहर बंधक बनाकर घायल कर मुँह को टेप से व हाथ पैरो को प्लास्टिक की रस्सी से बाँधकर दो बदमाशो ने लाखों रूपए की लूट को अंजाम दे दिया। पीड़िता के पति सतीश चावला ने कोतवाली वृंदावन में मामला दर्ज कराया। इस लूटकांड के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमें गठित की और जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में मंगलवार दोपहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि क्षेत्राधिकारी सदर रमेश के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली वृन्दावन प्रभारी अनुज कुमार, थाना छाता प्रभारी रवि त्यागी, स्वाट टीम प्रभारी सधुबन राम गौतम, एसओजी टीम प्रभारी धीरज गौतम प्रभारी व सर्विलांस टीम प्रभारी जसवीर सिंह द्वारा बीतीरात रुकमणी बिहार हरे फ्लैट से धर्मेन्द्र मिश्रा उर्फ डेविड पण्डित व लोकेन्द्र मिश्रा पुत्रगण रविकान्त मिश्रा निवासीगण भितरवार थाना भितरवार जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) हाल निवासी शिवाजी नगर थाना नबाबाद जिला झांसी को गिरफ्तार को मय लूटे गये शत प्रतिशत बरामदगी के गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की निशादेही पर रुकमिणी बिहार गोलचक्कर के पास ग्राउण्ड फ्लोर पर बने सरकारी हरे फ्लैट ब्लाक 10 नं. जी4 से लूटा गया सामान, एवं घटना में प्रयुक्त तमंचा कारतूस एवं मोटरसाइकिल बरामद की गयी है। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों की निशादेही से चांदी से बनी भगवान की तीन चार मूर्तियां, पासपोर्ट, जेवरात, 31 हजार रूपए सहित आठ लाख का माल बरामद किया गया है।
