Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP पुलिस मुख्यालय ने 2015 बैच के 14 आईपीएस अफसरों को किया...

UP पुलिस मुख्यालय ने 2015 बैच के 14 आईपीएस अफसरों को किया तलब

दीपक वरुण 
लखनऊ (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय की ओर से 2015 बैच के आईपीएस अफसरों को जिलों में कप्तान बनाये जाने को लेकर कवायद शुरु कर दी गयी है। मंगलवार को चुने गए 14 आईपीएस असफरों को पुलिस मुख्यालय ने तलब किया। स्कैनिंग के बाद इन अफसरों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुलाकात करेंगे। 
सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही कई जिलों के पुलिस कप्तान समेत आईपीएस अफसरों के तबादलें की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में 2015 बैच के तेज तर्रार आईपीएस अफसरों को जिले का चार्ज देने को लेकर पुलिस मुख्यालय ने जोन के एडीजी, रेंज के आईजी व डीआईजी और जिलों के पुलिस कप्तानों से फीडबैक लिया। इसके बाद चुने गए 14 आईपीएस अफसरों को डीजीपी कार्यालय ने तलब किया है। 
सूत्रों की माने तो इन अफसरों का इंटरव्यू चल रहा है। वरिष्ठ आईपीएस अफसरों की गठित टीम इन अफसरों की स्कैनिंग करने के बाद शासन को रिपोर्ट भेजेगी। आने वाले दिनों में जब भी आईपीएस अफसरों के तबादले होंगे तो इन अफसरों को जिले के कप्तानी के साथ ही कार्यक्षेत्र की अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती हैं। हालांकि अभी इस पर कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई हैं।
कई जिलों के कप्तान डीजीपी के रडार पर
सूत्रों की माने तो पुलिस महानिदेशक की रडार पर कई जिलों के पुलिस कप्तान हैं। इनमें वह जिले शामिल हैं, जहां हाल के दिनों में महिला उत्पीड़न के साथ कई आपराधिक घटनाएं हुई हैं। साथ ही जिन जिलों से भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular