25 लाख रुपए की डिमांड से आई जान देने की नौबत
अनजान नंबर से आई काल से हनी ट्रैप में फंसा बिजली विभाग का SDO
प्रादेशिक डेस्क
मुरादाबाद। जिले में एक हनी ट्रैप केस ने पूरे बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। यहां तैनात एक एसडीओ को एक युवती ने दोस्ती और शादी के नाम पर फंसा कर 25 लाख रुपये की मांग की। जब अधिकारी ने पैसे देने से इनकार किया, तो युवती ने झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी दी। हनी ट्रैप में फंसकर लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर अधिकारी ने ज़हर खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में भर्ती अधिकारी की जान तो बच गई, लेकिन मामला अब कानूनी कार्रवाई की ओर बढ़ चुका है।
ट्रांसमिशन खंड में एसडीओ के पद पर तैनात है एसडीओ
हनी ट्रैप से पीड़ित अधिकारी की पहचान शावेज़ अल्वी के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग के ट्रांसमिशन खंड में एसडीओ के पद पर तैनात हैं। वह दिल्ली रोड स्थित हाइडल कॉलोनी के सरकारी आवास में रहते हैं। उनके भाई मोहम्मद अफजल ने मझोला थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें एक युवती तबिंदा उर्फ गोशिया, उसके भाई अल्तमश, मामा और फूफा शकील को नामजद किया गया है।
फोन कॉल से शुरू हुई दोस्ती, फिर बढ़ा रिश्ता
हनी ट्रैप से पीड़ित अधिकारी के भाई के अनुसार, 11 फरवरी 2025 को शावेज़ के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाली युवती ने अपना नाम तबिंदा बताया और कहा कि ’नंबर गलती से मिल गया’। इसके बाद दोनों में बातचीत बढ़ती गई। जल्द ही दोनों के बीच फोन और वॉट्सऐप पर नियमित संवाद शुरू हो गया। युवती ने एसडीओ को मुरादाबाद के बुध बाजार स्थित हिंदू कॉलेज के पास बुलाया और मुलाकात की। वहां से रिश्ते ने नया मोड़ लिया और बात शादी के वादे तक पहुंच गई।
यह भी पढें: 400 करोड़ की ठगी करने वालों का ठिकाना था ‘झोपड़ी’!
शादी से इनकार के बाद शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
हनी ट्रैप से पीड़ित एसडीओ के परिजनों के अनुसार, जब शावेज़ ने शादी से इनकार किया, तो युवती और उसके परिजनों ने उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने पहले पुराने चैट्स और फोटो वायरल करने की धमकी दी, फिर झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की चेतावनी दी। इसके साथ ही उसने 25 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। एसडीओ ने अपनी जान बचाने के लिए परिजनों से दो लाख रुपये मंगाकर युवती को दिए, लेकिन इसके बावजूद धमकियां जारी रहीं।
परिवार की कोशिशें नाकाम, अधिकारी ने खाया ज़हर
मामले की गंभीरता को देखते हुए हनी ट्रैप से पीड़ित एसडीओ के परिजन मुरादाबाद पहुंचे और आरोपी युवती के चक फाजलपुर स्थित घर भी गए। वहां भी युवती और उसके परिजनों ने पैसे की मांग की। इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 10 मई को एसडीओ ने ज़हर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिससे उनकी जान बच गई। अब वह इलाज के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
दिव्यांग कोटे से मिली थी नौकरी
हनी ट्रैप से पीड़ित एसडीओ शावेज़ अल्वी दिव्यांग कोटे से बिजली विभाग में नियुक्त हुए थे। परिजनों का कहना है कि मानसिक दबाव और नौकरी खोने के भय ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया। इस प्रकरण ने न सिर्फ एक सरकारी अधिकारी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया, बल्कि सरकारी सिस्टम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढें: UP में IAS, PCS अफसरों के ट्रांसफर
आरोपी युवती ने भी लगाए पलट आरोप
इस मामले में आरोपी युवती तबिंदा उर्फ गोशिया ने भी मीडिया से बात करते हुए एसडीओ पर आरोप लगाया है कि उन्होंने सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए शादी का झूठा वादा किया। युवती का कहना है कि एसडीओ खुद उसे मिलने के लिए बुलाते रहे और संबंध बनाते रहे। बाद में शादी की बात पर टालमटोल करने लगे। उसने यह भी आरोप लगाया कि एसडीओ के परिजन मोटी रकम मांगने लगे थे और अब उन्हें झूठे मुकदमे में फंसा रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच, केस दर्ज
सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि हनी ट्रैप से पीड़ित अधिकारी के मामले में मझोला थाने में युवती और उसके तीन परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़ित परिवार के बयान और तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स की भी जांच की जाएगी।

पोर्टल की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com
हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h
आवश्यकता है संवाद सूत्रों की www.hindustandailynews.com को गोंडा के सभी न्याय पंचायतों, विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर ऐसे युवा व उत्साही संवाद सूत्रों की आवश्यकता है, जो स्मार्ट फोन इस्तेमाल करते हैं। सामाजिक रूप से जागरूक हों। अपने आसपास घटित होने वाली घटनाओं से भिज्ञ रहते हों। मोबाइल पर बोलकर अथवा लिखकर हिंदी टाइपिंग कर लेते हों तथा वीडियो बना लेते हों। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 18 मण्डल और जनपद मुख्यालयों पर भी हमें संवाददाता की आवश्यकता है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : hindustandailynews1@gmail.com जानकी शरण द्विवेदी प्रधान सम्पादक मोबाइल – 9452137310
कलमकारों से: पोर्टल पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी, प्रधान संपादक मोबाइल- 9452137310 E-Mail : hindustandailynews1@gmail.com
