प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका में ‘मित्र विभूषण’ से नवाजे गए

राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया यह पुरस्कार

कोलंबो पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का हुआ भव्य स्वागत, दी गई तोपों की सलामी

इंटरनेशनल डेस्क

कोलंबो। प्रधानमंत्री मोदी को शनिवार को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक भव्य राजकीय समारोह में ‘मित्र विभूषण’ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान श्रीलंका सरकार की ओर से भारत-श्रीलंका संबंधों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान को मान्यता देने के लिए प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम कोलंबो स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में आयोजित किया गया, जहां श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने पीएम मोदी को यह पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में भारतीय और श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडलों के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। ‘मित्र विभूषण’ श्रीलंका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जिसकी शुरुआत फरवरी 2008 में तत्कालीन राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने की थी। इससे पूर्व यह सम्मान मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मौमून अब्दुल गयूम और फिलिस्तीन के दिवंगत नेता यासिर अराफात जैसे वैश्विक नेताओं को भी प्रदान किया जा चुका है। इस बार यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को भारत और श्रीलंका के बीच दीर्घकालिक मैत्री, सांस्कृतिक एकता और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने हेतु दिया गया।
भारतीयों के सम्मान का प्रतीक है सम्मान-प्रधानमंत्री मोदी
सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “यह सम्मान मेरे लिए व्यक्तिगत गौरव का विषय नहीं, बल्कि 1.4 अरब भारतीयों के सम्मान का प्रतीक है। यह भारत-श्रीलंका के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों का सम्मान है।“ उन्होंने यह भी कहा कि भारत, श्रीलंका के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है। समारोह में पीएम मोदी को एक प्रशस्ति पत्र और एक रजत पदक प्रदान किया गया, जिसे पारंपरिक श्रीलंकाई प्रतीकों और नौ प्रकार के रत्नों से सजाया गया था। पदक में कमल, चावल के ढेर, सूर्य, चंद्रमा और ग्लोब जैसे प्रतीकों के साथ-साथ धर्म चक्र अंकित था। ये सभी प्रतीक भारत और श्रीलंका के साझा सांस्कृतिक मूल्यों को दर्शाते हैं। श्रीलंकाई अधिकारियों के अनुसार, पदक पर बना पुन कलश समृद्धि और नए आरंभ का प्रतीक है, जबकि नवरत्न दोनों देशों के बीच सौहार्द और समृद्धि का संदेश देते हैं।

PM Modi receives Mitra Vibhushan award in Colombo from Sri Lankan President
प्रधानमंत्री मोदी का हुआ भव्य स्वागत

यह भी पढें: मुंबई में अभिनेता मनोज कुमार को दी गई अंतिम विदाई

राष्ट्रपति सचिवालय में आयोजित हुआ मुख्य कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद हुई। वह शुक्रवार शाम बैंकॉक से कोलंबो पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। शनिवार को इंडिपेंडेंस स्क्वायर में उन्हें पुलिस गार्ड ऑफ ऑनर और तोपों की सलामी दी गई। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने उन्हें स्वयं रिसीव किया और भारत व श्रीलंका के राष्ट्रगान की धुनों के बीच उन्हें सलामी दी गई। राष्ट्रपति सचिवालय में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों का औपचारिक परिचय कराया गया। श्रीलंका की ओर से प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या, संसद अध्यक्ष जगत विक्रमरत्ने, विदेश मंत्री विजिता हेराथ, श्रम मंत्री अनिल जयंता फर्नांडो, उद्योग मंत्री सुनील हंडुनेट्टी, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा और पश्चिमी प्रांत के राज्यपाल हनीफ यूसुफ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढें: दिव्या भारती की असमय मौत से हिल गया था बॉलीवुड

दो नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी आयोजित
सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति दिसानायके के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी आयोजित की गई। इस बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, पर्यटन और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग को व्यापक बनाने और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति व स्थिरता सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीलंका के बौद्ध स्थलों के संरक्षण और विकास में भारत की मदद की बात दोहराई। उन्होंने बताया कि भारत श्रीलंका के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं बनाएगा, जिससे दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और समझ को और गहरा किया जा सके।
रणनीतिक संबंधों का प्रतीक है यह सम्मान
विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी को ‘मित्र विभूषण’ से सम्मानित किया जाना केवल एक औपचारिक सम्मान नहीं, बल्कि भारत और श्रीलंका के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों का प्रतीक भी है। यह सम्मान उस भरोसे को दर्शाता है जो श्रीलंका भारत के नेतृत्व और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने में निभाई गई उसकी भूमिका पर करता है। यात्रा के समापन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कोलंबो के प्रसिद्ध गंगारामाया बौद्ध मंदिर का भी दौरा किया, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर भारत और श्रीलंका के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को सुदृढ़ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए एक भावनात्मक अनुभव रही है और वह श्रीलंका से मित्रता और शांति का संदेश लेकर भारत लौट रहे हैं। यह दौरा भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत होते रिश्तों की एक और कड़ी है, जो आने वाले समय में द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देगा।

PM Modi receives Mitra Vibhushan award in Colombo from Sri Lankan President
प्रधानमंत्री मोदी का हुआ भव्य स्वागत, दी गई तोपों की सलामी

यह भी पढें: जयंत चौधरी की पार्टी आरएलडी में बगावत

पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से: तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी (प्रधान संपादक) मोबाइल- 9452137310 E-Mail : hindustandailynews1@gmail.com

error: Content is protected !!