अम्बुज भार्गव
बलरामपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एमएलके पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने ‘एक पेड़ अपनी मां के नाम’ अभियान के तहत कालेज परिसर, छात्रावास व अपने-अपने घरों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया।
इस अभियान का संयोजन कॉलेज के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (ANO) लेफ्टिनेंट डॉ देवेन्द्र कुमार चौहान ने किया जबकि संपूर्ण कार्यक्रम कॉलेज प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान अंडर ऑफिसर संजीत कुमार गुप्ता और कैडेट श्रीओम कसौधन के नेतृत्व में छात्रावास परिसर में पौधे लगाए गए। साथ ही कई कैडेट्स ने अपने घरों पर भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट डॉ चौहान ने वृक्षारोपण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ दस पुत्रों के समान’ होता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार संतान जन्म देना पुण्यकारी माना गया है, उसी प्रकार एक वृक्ष लगाना भी उतना ही पुण्य का कार्य है। वृक्ष केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन ही नहीं देते बल्कि पूरे पारिस्थितिक तंत्र को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि हम प्राकृतिक संसाधनों का केवल उपभोग करते रहेंगे और उनका संरक्षण या पुनर्निर्माण नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए गहरे संकट खड़े हो सकते हैं। लगातार हो रही वनों की कटाई और बढ़ते प्रदूषण से पर्यावरण के सामने गहरी चुनौती उत्पन्न हो रही है, जिसे केवल सामूहिक प्रयासों से ही रोका जा सकता है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के कई शिक्षकगण, एनसीसी अधिकारी और दर्जनों कैडेट्स उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण को लेकर चेतना फैलाना और वृक्षारोपण को जन-आंदोलन के रूप में प्रोत्साहित करना रहा।
यह भी पढ़ें: फर्जी प्रमाणपत्र जारी कर फंसे 11 लेखपाल
