नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि पंजाब में आज राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा की विशेष जिम्मेदारी है कि लोगों को सही बात बताई जाए। उन्होंने पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसानों से संपर्क साधकर उनके प्रश्नों का जवाब दें। इसके साथ वे किसानों की यूनियन से चर्चा करें और सच्चाई से अवगत कराएं।
नड्डा ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्व. कमल शर्मा स्मृति व्याख्यान को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में आज राजनीतिक दल राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब में कांग्रेस के नेतृत्व में हो रहे किसान आंदोनल की ओर इशारा करते हुइ नड्डा ने कहा कि देश में कई लोग खुद को किसान नेता कहते रहे लेकिन किसानों के हित के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए कई अहम कार्य किए हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों को ये आजादी दी है कि किसान अपनी फसल मंडी के अलावा देश में कहीं पर भी बेच सकते हैं। दुनियाभर की मंडियों में फसलों के दाम भी किसान जान सकते हैं। साथ ही केंद्र सरकार ने किसानों को हमने इतना सशक्त किया है कि कभी भी जमीन का कॉन्ट्रेक्ट नहीं होगा, सिर्फ फसल का कॉन्ट्रेक्ट होगा। अगर मौसम के कारण फसल खराब होती है तो उसकी भरपाई व्यापारी करेगा। अगर फायदा होता है तो पहले से तय बोनस का फायदा किसान को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानून किसानों को समर्पित हैं।
नड्डा ने कहा कि स्व. कमल शर्मा जी की आज प्रथम पुण्यतिथि है। हम सब उनको बहुत आदर के साथ याद करते हैं। ये विश्वास करना कठिन होता है कि हमने अपने एक नौजवान साथी को बहुत जल्दी खो दिया। वे बचपन से ही स्वयंसेवक होने के साथ ही राष्ट्रीयता से ओत-प्रोत रहे। उन्होंने कहा किपंजाब में जब आतंकवाद चरम पर था। हमारी विचारधारा पर हमले होते थे। शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा हो जाता था। कोई अंदाजा नहीं था कि कब कोई अप्रिय घटना हो जाए। तब कमल शर्मा जी ने कैंपस में होकर संगठन का कार्य किया। वह भाजपा में आने के बाद महामंत्री थे। वे सबको जोड़ते तो थे ही, पार्टी के कार्यक्रमों की संरचना भी करते थे।
पंजाब की राजनीति के बारे में उन्हें विस्तार से जानकारी थी। वे पंजाब के संगठन में ऐसा नाम थे जिन्होंने पार्टी को आगे बढ़ाने में बहुत योगदान दिया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर हमें कमल शर्मा जी को सच्ची श्रद्धांजलि देनी है, तो हमें पंजाब में नंबर एक पार्टी बनने के संकल्प को लेकर चलना होगा। पंजाब में बहुत बड़ा टेलेंट है, हमें अपनी ताकत को पहचाने की जरूरत है। हमें पंजाब में शहरों से निकलकर गांव-गांव में जाने की जरूरत है।
