लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की अवैध निर्माण रोकने एवं ढहाने की मुहिम में बुधवार को समाजवादी पार्टी के नेता व पूर्व सांसद दाउद अहमद की पांच मंजिला निर्माण भवन भी शामिल हो गया। एलडीए ने निर्मित हो रहे भवन की पांचवी मंजिल को अवैध पाने पर हथौड़ा चलाया।
पेशे से बिल्डर दाउद अहमद का नाम लखनऊ में बसपा के बड़े नेताओं में शुमार रहा। दाउद बसपा के टिकट से सांसद भी बने। बदलते समय के साथ उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उनकी फर्म की तरफ से वजीरगंज के नवीउल्ला रोड पर पांच मंजिला निर्माण कार्य कराया गया। जिसकी जानकारी एलडीए के जोन छह के अधिकारियों को लगी तो उनके द्वारा जांच पड़ताल की गयी।
एलडीए की जांच में निर्माण कार्य का पांचवा मंजिल अवैध पाया गया। जिसके बाद दाउद को नोटिस दी गयी लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद एलडीए की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से निर्माण कार्य को रुकवाया और पांचवें मंजिल को मशीन लगाकर ध्वस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि दाउद अहमद के परिवार के लोगों की तरफ से शहर में कई निर्माण कार्य कराये गये हैं। एलडीए के अधिकारियों की एक टीम अवैध निर्माण कार्यों की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
