– लविवि में सशक्त एवं सुरक्षित नारी का संदेश देते हुए हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत
लखनऊ(हि.स.)। राष्ट्रीय सेवा योजना, लखनऊ विश्विद्यालय एवं समाज कार्य विभाग लखनऊ विश्विद्यालय द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह में कुलपति प्रो आलोक कुमार राय ने ‘सशक्त एवं सुरक्षित नारी’ का सन्देश देते हुए हस्ताक्षर अभियान का शुभारम्भ किया। इस मौके पर आयोजित पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कुलपति ने कहा कि शिक्षित बेटियां ही समाज को सही दिशा दे सकती हैं और समाज को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। विभिन्न परेशानियों और सामाजिक दबावों के बाद भी आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे आकर अपनी पहचान बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि चाहे शिक्षा क्षेत्र हो, राजनीति हो, विज्ञान व तकनीकी क्षेत्र हो या खेलकूद हो, बेटियां सभी जगह अपना परचम लहरा रही हैं। देश का नाम रोशन कर रही हैं और पूरे समाज के लिए प्रेरणाश्रोत बन रही हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ अंशुमाली शर्मा, राज्य संपर्क अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना, उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा कि युवायों में महिला एवं बाल सुरक्षा से सम्बंधित कानून की जागरूकता विशेष आवश्यक है। जब तक हम जेजे एक्ट, पोक्सो एक्ट आदि कानूनों को नहीं जानेंगे, तब तक पूरी तरह किसी भी पीड़ित की मदद नहीं कर पाएंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने माइम व नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के माध्यम से महिला सुरक्षा एवं सुरक्षित यात्रा विषय पर सभी को जागरूक किया।
