लखनऊ (हि.स.)। काकोरी थाना क्षेत्र इलाके में सोमवार को सड़क किनारे अज्ञात महिला का शव मिला। पुलिस की जांच में महिला की हत्या कर शव को फेंका गया है।
काकोरी थाना क्षेत्र स्थित बेहटा-बंथरा रोड के नारायणपुर गांव के किनारे सड़क पर एक अज्ञात महिला का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पाकर मौके पर डीसीपी साउथ, एसीपी काकोरी मय डॉग स्कवायड, फारेंसिक टीम संग मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्कवायड ने जांच कर साक्ष्य को एकत्र कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक महिला की उम्र करीब 40 साल की है। लाल रंग की कुर्ती और काली पैंट पहने हुये है। गले में दुपट्टा और धारदार हथियार के निशान है। वहीं, घटनास्थल पर खून के दाग मिले। इससे पुलिस हत्या की आशंका जाहिर कर रही है। फिलहाल अज्ञात में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
