Monday, March 30, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडासुबह युवती को मारा चाकू, दोपहर बाद पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

सुबह युवती को मारा चाकू, दोपहर बाद पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

कौड़िया थाने के गांव में शनिवार को घर में खाना बना रही युवती पर युवक ने चाकू से किया था हमला

अतुल भारद्वाज

गोंडा। जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवती पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने वाले युवक को पुलिस ने दोपहर बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जख्मी युवती तथा पैर में गोली लगने से घायल आरोपी जितेंद्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि थाना क्षेत्र के बसंतपुर हरसो पट्टी निवासी जितेंद्र ने अपने पड़ोस की रहने वाली युवती तारा (22) पर आज सुबह घर में घुसकर चाकुओं से हमला कर दिया था। उस समय वह रसोई में खाना बना रही थी। परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, तारा की हालत अब खतरे से बाहर है।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं। दोपहर बाद जब कौड़िया थाने की पुलिस और एसओजी की टीम आरोपी की तलाश कर रही थी, तभी नैन कटौली फलाहारी कुट्टी के पास मोटरसाइकिल से एक युवक आता दिखाई दिया। रोकने के प्रयास पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

एसपी ने कहा कि युवती के पिता दीनानाथ की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के अनुसार, तारा की शादी करीब दो वर्ष पहले अयोध्या के पास एक गांव में हुई थी। शादी के छह माह बाद ही उसके पति का निधन हो गया और तब से वह अपने मायके में रह रही है। मां की भी मृत्यु हो चुकी है।

आरोप है कि जितेंद्र पिछले कुछ महीनों से उसे परेशान कर रहा था। शनिवार सुबह मौका पाकर उसने घर में घुसकर तारा पर ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार किए। उसकी चीख सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।

पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से .. तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : अतुल भारद्वाज सम्पादक मोबाइल 08619730058 E-Mail : hindustandailynews1@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular