Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशKanpur News : होली के रंग में कानपुर में पड़ी भारत छोड़ो...

Kanpur News : होली के रंग में कानपुर में पड़ी भारत छोड़ो आंदोलन की नींव, पांच दिन बाद झुके अंग्रेज

होली के रंग में कानपुर के नौजवानों ने आजादी का बजाया था बिगुल
आजादी के दीवानों की याद में अनुराधा नक्षत्र पर रंगों से सरोबार होता है कानपुर
कानपुर (हि.स.)। होली भारत का एक प्रमुख और प्रसिद्ध त्योहार ​है जिसमें हंसी-खुशी के साथ लोग रंगों में सरोबार हो जाते हैं। लेकिन कानपुर में होली का पर्व ऐतिहासिक है, हो भी क्यों न, जब बाहरी शक्तियां पर्व पर प्रतिबंध लगाएंगी तो इतिहास बनना स्वाभाविक है। हां हम बात कर रहे हैं उस भारत की जब ब्रिटिश सत्ता का राज था और ईर्ष्यावश अंग्रेजों ने कानपुर के नौजवानों को रंगों की होली खेलने पर रोक लगा दी। 
फिर क्या था जेल भेजे गये नौजवानों के साथ पूरा शहर खड़ा हो गया और आजादी का बिगुल बजा दिया गया। पांच दिन की बंदी और भारत छोड़ो आंदोलन की नींव पड़ती देख अंग्रेजो को झुकना पड़ा। नौजवानों के जेल से बाहर आते ही अनुराधा नक्षत्र पर शहर एक बार फिर रंगों से सरोबार हो गया। होली के रंग में पड़ी भारत छोड़ो आंदोलन की नींव को आज भी शहरवासी याद करते हुए रंग खेलते हैं। 
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के मुम्बई अधिवेशन में आठ अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी। अगले ही दिन यह आंदोलन पूरे देश में फैल गया और अंग्रेज भारत छोड़ने को मजबूर हुए। लेकिन इसकी नींव कानपुर में उसी वर्ष उस समय पड़ गयी जब रंगों का त्योहार होली था। समाजसेवी व हटिया होली कमेटी के संरक्षक मूलचंद्र सेठ बताते हैं कि देश की आजादी से पहले हटिया शहर का हृदय हुआ करता था, यहां पर लोहा, कपड़ा और गल्ले का व्यापार होता था। व्यापारियों के यहां आजादी के दीवाने और क्रांतिकारी डेरा जमाते और आंदोलन की रणनीति बनाते थे। 
गुलाब चंद सेठ हटिया के बड़े व्यापारी हुआ करते थे, जो होली पर बड़ा आयोजन करते थे। 1942 में होली के दिन अंग्रेज अधिकारी घोड़े पर सवार होकर आए और रंग खेल रहे नौजवानों को होली बंद करने को कहा तो गुलाब चंद सेठ ने साफ मना कर दिया। इस पर रंग खेल रहे नौजवानों ने हटिया पार्क पर तिरंगा झण्डा फहराकर आजादी का बिगुल फूक दिये। गुस्साए अंग्रेज अधिकारियों ने नौजवानों को पीटकर तिरंगा झण्डा उतरवाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का विरोध करने पर जागेश्वर त्रिवेदी, पं. मुंशीराम शर्मा सोम, रघुबर दयाल, बालकृष्ण शर्मा नवीन, श्यामलाल गुप्त पार्षद, बुद्धूलाल मेहरोत्रा और हामिद खां सहित 40 लोगों को भी हुकूमत के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद सरसैया घाट स्थित जिला कारागार में बंद कर दिया गया था।
पांच दिन बंद रहा शहर, जगह-जगह हुआ आंदोलन
बताते हैं कि जब शहरवासियों को जानकारी ​हुई कि रंग खेलने पर अंग्रेजों ने कुछ लोगों को जेल में डाल दिया तो पूरा शहर भड़क उठा और पांच दिन शहर बंद कर दिया गया। इसके साथ ही जगह-जगह हो रहा आंदोलन आजादी का शक्ल लेने लगा। इसमें स्वतंत्रता सेनानी भी जुड़ गए और महात्मा गांधी, पंडित नेहरु, गणेश शंकर विद्यार्थी जैसे लोगों ने भी सहयोग किया। पांच दिन के विरोध के बाद अंग्रेज अधिकारी घबरा गए और गिरफ्तार लोगों को छोड़ना पड़ा। यह रिहाई अनुराधा नक्षत्र के दिन हुई। होली के बाद अनुराधा नक्षत्र का दिन उत्सव का दिवस हो गया। जेल के बाहर भारी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर खुशी मनाई और हटिया से रंग भरा ठेला निकाला गया और जमकर रंग खेला। शाम को गंगा किनारे सरसैया घाट पर मेला लगा। तब से कानपुर शहर इस परंपरा का निर्वाह कर रहा है। आज भी सरसैया घाट पर शाम को मेला लगता है।ऐसे निकला रंगों का ठेला
इतिहासकारों के मुताबिक पांच दिन बाद अंग्रेजी हुकूमत ने घबराकर सभी लोगों को छोड़ दिया। यह रिहाई अनुराधा नक्षत्र के दिन हुई। होली के बाद अनुराधा नक्षत्र के दिन सभी के लिए उत्सव का दिन हो गया। इसी खुशी में हटिया से रंगों से भरा ठेला निकाला गया और लोगों ने जमकर होली खेली। शाम को गंगा किनारे सरसैया घाट पर होली मेला का आयोजन किया गया।
पांच दिनों तक आजादी के दीवानों ने नहीं छुटाया रंग
इतिहासकार मनोज कपूर ने बताया कि जब अंग्रेजों ने रंग खेल रहे नौजवानों को मना किया तो नौजवानों ने पार्क पर तिरंगा झण्डा फहरा दिया। इसके बाद सभी गिरफ्तार भी हुए। गिरफ्तारी के विरोध में आजादी के दीवानों ने पांच दिनों तक अपने मुंह से रंग नहीं छुटाया और चेहरे को इस तरह रंग लिए कि विरोध के दौरान अंग्रेज पहचान न सके। इस दौरान पूरा शहर तो बंद ही रहा पर रंग बराबर लोग खेलते रहे। गिरफ्तार हुए लोग जब जेल से बाहर आये तो उन्ही के साथ आजादी के दीवानों ने सरसैय्या घाट में गंगा के पानी से रंग छुटाया। 
दो अप्रैल को अबकी बार होगा होली गंगा मेला
ब्रिटिश हुकूमत के दौरान होली में रंग खेलने वाले युवकों को जेल भेजने की घटना को कानपुर में आज भी याद किया जाता है। जनता के विरोध में अनुराधा नक्षत्र के दिन जब युवकों को छोड़ा गया तो कानपुर में फिर से होली मनायी गयी और इसे गंगा मेला नाम दिया गया। इसी क्रम में इस बार भी अनुराधा नक्षत्र के दिन दो अप्रैल को गंगा मेला मनाया जाएगा। 
हटिया होली कमेटी के संयोजक ज्ञानेन्द्र विश्नोई ने बताया कि इस साल होली गंगा मेला प्राचीन परंपरा के अनुसार दो अप्रैल को मनाया जाएगा। संयोग से इस दिन रंग पंचमी भी है। बताया कि होलिका दहन 28 मार्च रविवार को होगा और पूरे देश में 29 मार्च को होली खेली जाएगी, लेकिन कानपुर की होली का समापन सन 1942 आजादी के दीवानों की याद में मनाए जाने वाले गंगा मेला के दिन दो अप्रैल को होगा। बताया कि इसमें आजादी की खुशबू आती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular