– लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों पर हो सख्त कार्रवाई
कानपुर (हि.स.)। अपराध को रोकने के लिए जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाये। महिला अपराधों को रोकने के लिए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही कर कानून व्यवस्था दुरुस्त रखें। सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क के जरिये महिला संबंधित अपराधों की सुनवाई हो। थानों पर ही महिला की सुनवाई हो। इसके साथ ही लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी पर सख्त कार्रवाई की जाये। यह बातें गुरुवार को थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर आईजी मोहित अग्रवाल ने कही।
कानपुर परिक्षेत्र के आईजी मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों के साथ मासिक समीक्षा अपराध गोष्ठी की। बैठक के दौरान आईजी मोहित अग्रवाल ने सबसे पहले जनपद में हुई बड़ी घटनाओं के बारे में जानकारी ली और जल्द खुलासे के निर्देश दिए। आईजी ने सभी जनपद प्रभारियों से महिला अपराधों को गम्भीरता से लेने की बात कहा। आईजी ने दो टूक में बोलते हुए जनपद प्रभारियों से कहा कि ऐसे थानेदारों को तत्काल चार्ज से हटाए जो महिला अपराध पर लगाम लगाने में असमर्थ हैं और महिला अपराधों पर सख्ती से कार्यवाही नहीं करते हैं। आईजी ने सभी जनपद प्रभारियों को अपराध रोकने के टिप्स देते हुए कहा कि एसएसपी स्वयं थानों के औचक निरीक्षण करें। खामियां मिलने पर तत्काल कार्यवाही करें, ताकि दूसरे थानेदारों में कार्यवाही के डर बना रहे। वहीं क्षेत्र में भी सभी एसएसपी निकल कर चौकी प्रभारियों की कार्यशैली देखें। थानेदार महिला सम्बंधित अपराधों पर महिला को शिकायती रसीद (रिसीविंग) दें, जिसमें विवेचक और आरक्षी का नम्बर लिखा हो। वहीं शीत ऋतु में सभी जनपद प्रभारी चौकी प्रभारी और थानेदारों को रात्रि गस्त बढाने के निर्देश दें। ऐसा ना करने वाले चौकी प्रभारी और थानेदारों को तत्काल लाइन में आमद कराएं।चेकिंग के नाम पर न किया परेशान
आईजी मोहित अग्रवाल ने सभी जनपद प्रभारियों से कहा कि इन दिनों सभी के क्षेत्रों से वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा बतमीजी करने की शिकायत मिल रहीं हैं। इस पर रोक लगनी चाहिए, किसी भी व्यक्ति को चेकिंग के नाम पर परेशान ना किया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग हो, चेकिंग के नाम पर उगाई नहीं होनी चाहिये। ऐसा करने वाले पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्यवाही करें। वहीं आईजी ने कहा कि ऐसे जगहों को चिन्हित करें जहां जाम की स्थिति बनी रहती हैं। वहां पर ट्रैफिक पुलिस की संख्या और बढ़ाये। आईजी मोहित अग्रवाल ने जनपद प्रभारियों से साफ कहना था कि जो भी थानेदार लापरवाही बरते उनको तत्काल हटा दे।
