— किसानों का हक छीनकर उद्योगपतियों को बढ़ावा देने के लिए आये नये कृषि कानून
कानपुर (हि.स.)। देश को आजाद कराने से लेकर उसे समृद्ध बनाने तक जो कुर्बानी नेहरु गांधी परिवार ने दी है उसकी मिसाल ढूंढना मुश्किल है। आज भाजपा सरकार द्वारा देश के सामने लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त करने और लोकतंत्र को कुचलने का संकट खड़ा कर दिया है। इससे निजात दिलाने के लिए नेहरु गांधी परिवार आज फिर से सड़कों पर निकल कर आया है। सत्ता में चूर भाजपा सरकार को किसानों का आंदोलन नहीं दिख रहा है और इसका खामियाजा जरुर भुगतना पड़ेगा। यह बातें सोमवार को संदेश यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कही।
कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री के नेतृत्व में सोमवार को किसानों के समर्थन में गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संदेश पद यात्रा निकाली गयी। शास्त्री नगर काली मठिया चौराहा से प्रारम्भ हुई संदेश यात्रा सब्जी मंडी, सेंट्रल पार्क, रामलीला मैदान रोड, नेहरु इंदिरा मलिन बस्ती, शास्त्री नगर पहला चौराहा, चैन फैक्ट्री चौराहा होते हुए मरियमपुर चौराहा पहुंच कर समाप्त हुई। संदेश पदयात्रा निकाल कर आम जनमानस से किसान आंदोलन का समर्थन करने का आह्वान किया गया और इस संबध में रास्ते भर पत्रक वितरित किए गये। हर प्रकाश अग्निहोत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अपने मित्र धन्नासेठों को फायदा पहुंचाने के लिए कृषि के तीन कानूनों को बनाया है। इससे देश भर का किसान आंदोलित है और लगातार करीब 40 दिनों से दिल्ली के बार्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार उनकी आवाज कुचलने और प्रताड़ित करने का काम कर रही, जिसे कांग्रेस ज़न कतई बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं।
प्रदेश सचिव अंशु तिवारी ने कहा कि कांग्रेस और कार्यकर्ता बड़ी से बड़ी कुर्बानी दे देंगे, लेकिन किसानों की आवाज दबने नहीं देंगे। पूर्व विधायक संजीव दरियावादी ने कहा कि कांग्रेस संदेश यात्रा को मिले रहे ज़नसर्मथन से यह स्पष्ट हो गया है कि आम जनमानस किसानों के पक्ष में एकजुट है। इस दौरान इकबाल अहमद, करिश्मा ठाकुर, महेंद्र त्रिपाठी पूत्तू, निजामुद्दीन खां, अशोक धानविक, अंबुज शुक्ला, कमल जायसवाल आदि मौजूद रहें।
