कानपुर (हि.स.)। शहर में बढ़ रही लगातार जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर यातायात पुलिस विभाग लगातार अपनी कमर कस हुए। तो वहीं जाम व अन्य समस्याओं को देखते हुए कानपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल ने विजयनगर चौराहे पर निरीक्षण करते हुए चौराहे के आसपास फैली अव्यवस्थाओं को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस अधीक्षक बसंत लाल के साथ पुलिस महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र ने शुक्रवार को विजय नगर यातायात पुलिस व्यवस्था के दृष्टिगत यातायात मित्रों के साथ भ्रमण व निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम बनाये जाने हेतु निम्न बिन्दुओं पर कार्य कराये जाने की आवश्यकता पायी गयी। जिसके लिए त्वरित कार्यवाही हेतु सर्वसम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
आईजी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि विजयनगर चौराहा के चारों ओर बनी जेब्रा लाइन मिट गयी हैं। उन्हें पुनः पेंट कराये जाने की आवश्यकता है। विजयनगर चौराहा पर लगे सीसीटीवी कैमरा व पीए सिस्टम खराब हैं। इन्हें तत्काल क्रियाशील कराया जाये। सभी को निर्देशित किया गया कि चौराहा के 100 मीटर के अन्दर किसी प्रकार का कोई अतिक्रमण नहीं होना चाहिये।
वहीं विजयनगर चौराहा की समस्त समस्याओं के निराकरण हेतु क्षेत्राधिकारी नजीराबाद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। जो उक्त चौराहा से सम्बंधित किसी भी समस्या के संज्ञान में आने पर तत्परता से आवश्यक कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करेंगे। विजयनगर से दादानगर की ओर जाने पर मोड़ पर एक गढ्ढा है जिसे तत्काल भरवाने की आवश्यकता है। विजयनगर चौराहा पर लगी हुई बड़ी फ्लैक्सी लाइट्स खराब हैं जिन्हें सही कराने की आवश्यकता है। विजयनगर चौराहा के चारों ओर विभिन्न प्रकार के होर्डिंग्स लगे हैं जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है। इन्हें तत्काल हटाने की आवश्यकता है।
