– संविदा कर्मचारियों ने हड़ताल करने की भी चेतावनी
कानपुर (हि.स.)। कोरोना काल में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए संविदा कर्मचारी बराबर ड्यूटी करते रहे, पर उन्हे पांच माह से वेतन ही नहीं दिया जा रहा है। जिसको लेकर जिला महिला अस्पताल के संविदा कर्मचारियों में आक्रोश है और शनिवार को संविदा कर्मचारियों ने धरना देकर जल्द वेतन दिये जाने की मांग की। इसके साथ ही चेतावनी दी गयी कि मांगों पर विचार नहीं हुआ तो हड़ताल करने से भी गुरेज नहीं होगा।
जिला महिला अस्पताल (डफरिन) के संविदा कर्मचारियों को पिछले पांच महीनों से वेतन न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। जिससे जीवन यापन में उनको बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और अधिकारियों के कान में जू तक नहीं रेंग रहा। संविदा कर्मचारियों ने जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य अधीचक ए.एच.एम डफरिन वी.बी.सिंह को लिखित अथवा मौखिक संबंधित ज्ञापन भी दिया। लेकिन अभी तक न तो कोई सुनवाई हुई और न किसी अधिकारी ने वेतन दिलाने का आश्वासन दिया।
वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने शनिवार को अस्पताल में धरना दिया। कर्मचारी अनिल यादव ने बताया कि कोरोना काल मे सभी कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए लगातार मरीज़ों को सेवाएं देते रहे। कहा कि अगर जल्द ही हम लोगों की समस्या हल नहीं हुई तो हम लोग धरना प्रदर्शन जारी रखेंगें। अगर सरकार हमारे वेतन को बहाल नहीं करती तो सभी कर्मचारी हड़ताल करने को बाध्य हो जाएंगे।
