संवाददाता
बालपुर, गोण्डा। क्षेत्र में चोरी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक सप्ताह में परसपुर रोड पर लगातार चोर दुकानों को निशाना बना रहे हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने अवध एजेंसी के पीछे की दीवार में नकब लगाकर 1.5 लाख नगद व करीब छह लाख रुपए का सामान उठा ले गये। इस एजेंसी से हिन्दुतान लिवर का सामान थोक सप्लाई करने का काम होता है। एजेंसी के मालिक जब सुबह खोलने के लिए आये तो चोरी की जानकारी हुई। 112 नम्बर व कोतवाली की पुलिस जांच करने में जुटी हुई है।
विवरण के अनुसार, थाना परसपुर के सेमरी गांव निवासी शिवशंकर पांडेय बालपुर परसपुर रोड पर फतेहपुर गांव के पास कोतवाली देहात क्षेत्र में अवध एजेंसी के नाम से हिंदुस्तान लीवर का सामान थोक बिक्री का काम करते हैं। उनकी दुकान के पीछे दीवाल काटकर अज्ञात चोर अंदर घुसे और काउंटर में रखा 1.5 लाख नगद व कम्प्यूटर, यलसीडी, सीपीओ, सीसी कैमरा सहित छह लाख का सामान उठा ले गये। कोतवाली देहात के उपनिरीक्षक अमर सिंह अपने हमराही भारत सिंह, सुनील कुमार के साथ मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दिया है। शिवशंकर पांडेय ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दिया है।
