देवीपाटन मंडल में पांच लाख 34 हजार पंजीयन का लक्ष्य-आयुक्त
संवाददाता
गोण्डा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभा कक्ष में असंगठित कर्मकारों के पंजीकरण के संबंध में संपन्न बैठक में आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विभिन्न कार्य क्षेत्रों से संबंधित समस्त 45 प्रकार के कर्मकारों के पंजीयन के संबंध में ग्राउंड लेवल पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए पंजीयन कराएं ताकि मंडल के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि हो सके और असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा मिल सके। आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अधिकारी इस बात का प्रयास करें कि लक्ष्य से भी अधिक लोगों का पंजीयन कराकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए। उन्होंने कहा कि मंडल के सभी जनपदों में साप्ताहिक बंदी के दौरान जगह-जगह पर कैम्प लगाकर श्रमिकों का पंजीकरण करवाया जाय तथा पंजीकरण तिथि से पहले इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करा दिया जाए। उन्होंने आगामी 25 सितंबर, 2021 को मंडल के जनपदों में आयोजित होने वाले “गरीब कल्याण मेला“ में इसके लिए काउंटर लगाए जाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करा दिया जाए ताकि पात्र व्यक्ति संबंधित अभिलेख लाकर अपना पंजीयन करा सकें।
यह भी पढ़ें : महिला ने दी CM को बम से उड़ाने की धमकी, FIR दर्ज
आयुक्त ने मंडल के जिलाधिकारियों द्वारा पंजीयन कराए जाने के संबंध में विभागवार लक्ष्य आवंटन का उल्लेख करते हुए कहा कि संबंधित विभाग आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष शत- प्रतिशत पंजीयन कराना सुनिश्चित करें और उसकी सूचना श्रम विभाग को उपलब्ध कराएं। बैठक में उपश्रमायुक्त श्रीमती रचना केसरवानी ने पंजीकरण के संबंध में अद्यतन स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि उप्र असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 45 प्रकार के कार्यों में आवर्त श्रमिकों का जनपदवार आवंटित लक्ष्य निर्धारित किया गया है।जिसके अनुसार मंडल के चारों जनपदों को प्रति जनपद वार एक लाख 33 हजार 500 का लक्ष्य निर्धारित करते हुए मंडल के लिए कुल 5 लाख 34 हजार का लक्ष्य आबंटित किया गया है, जिसके सापेक्ष मंडल में अब तक कुल 70 हजार 441 ई-श्रम पहचान पत्र निर्गत किये गये है। इसके साथ ही जनपद के सभी विभागों को असंगठित कर्मकारों के पंजीयन कराने हेतु विभागवार लक्ष्य आवंटित किया गया है। उन्होंने बताया कि असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को पंजीयन के पश्चात वे दो लाख के बीमा व परिवार सहित पांच लाख के कैशलेस इलाज की सुविधा पाएंगे, इसके साथ ही साथ उनका निःशुल्क पंजीयन कराया जा रहा है। इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त राजेंद्र प्रसाद, श्रम प्रवर्तन अधिकारी योगेश दीक्षित, उपनिदेशक पंचायत आरएस चौधरी, एडी बेसिक शिक्षा विभाग, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य तथा एआरटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : 68 वर्ष के बुजुर्ग पर छह माह में दुष्कर्म के पांच मुकदमे!
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
