जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डा. राकेश सिंह के दिशा-निर्देशन में देवीपाटन रेंज के साइबर थाना प्रभारी एवं अन्य स्टाफ द्वारा अभियान चलाकर बैंकों, बस स्टाप व रेलवे स्टेशन आदि पर भ्रमण कर नागरिकों को साइबर अपराधों के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। यह जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव एवं जागरुकता हेतु उत्तर प्रदेश शासन द्वारा परिक्षेत्र स्तर पर साइबर थानों की शुरुआत की गयी है। साइबर थानों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के बारे में जागरूक कर उन्हें साइबर अपराधों से बचाना तथा साइबर अपराधों में शीघ्र कार्यवाही करना है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में थाने के पुलिस कर्मियों द्वारा अभियान चलाकर जनपद के बैंकों, एटीएम बूथों, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, 30वीं वाहिनी पीएसी आदि जगहों पर जाकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव हेतु पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया गया। नागरिकों से अपील किया गया कि वे किसी को भी अपना ओटीपी/बैंक डिटेल, अपना पासवर्ड आदि शेयर न करें। पैसों का लेनदेन करते समय सावधानी बरतें तथा अपने धन की सुरक्षा करें। पुलिस कर्मियों द्वारा सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा बैंकों के बाहर साइबर अपराधों से बचाव हेतु पम्पलेट चस्पा किया गया।

