Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : सहफसली की खेती कर एक हेक्टर कमाया 12 लाख,...

Gonda News : सहफसली की खेती कर एक हेक्टर कमाया 12 लाख, कृषि विभाग कई बार कर चुका सम्मानित

गोंडा (हि.स.)। दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम इंसान के लिए मुश्किल राहे भी आसान कर देता है। एक किसान के लिए यह पंक्तियां अब चरितार्थ हो रही हैं। अपने संकल्प व हुनर के बलबूते किसान ने सहफसली की खेती कर यह साबित कर दिया कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने वाले किसानों के लिए कृषि अब किसी व्यापार से कम नहीं है। एक हेक्टर में सहफसली के रूप में गन्ने व आलू की खेती कर 12 लाख कमाकर किसानों के लिए मिसाल बन गए। 

जनपद के विकास खंड रुपईडीह की ग्राम पंचायत सहजनवा निवासी अनिल चंद्र पांडे विगत करीब एक दशक से सहफसली की खेती कर जहां बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं। वहीं क्षेत्र ही नहीं बल्कि जनपद के कोने-कोने से खेती किसानी में कुछ नया करने का सपना संजोए किसान इनसे खेती किसानी के गुरु सीखने आते हैं। इनकी प्रेरणा से अब तमाम किसान सह फसली की खेती कर मालामाल हो रहे हैं। 
अनिल पांडे बताते हैं की वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की प्रेरणा उन्हें पिताजी से मिली। खेती में तकनीकी गुर सीखने के लिए उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र नैनीताल, फैजाबाद सहित विभिन्न कृषि विज्ञान केंद्रों पर जाकर वहां के वैज्ञानिकों से राय मशविरा कर आज से लगभग 10 वर्ष पूर्व से सहफसली की खेती शुरू की। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा आयोजित कृषि मेले में जाकर वह तमाम तकनीकी ज्ञान अब भी प्राप्त करते रहते हैं। जिससे उन्हें उन्नतशील खेती करने की जानकारी के साथ-साथ भारी भरकम मुनाफा होने लगा। वर्ष 1987 में हाई स्कूल की परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से टूल एंड डाई मेकर ट्रेड में आईटीआई किया। इसके बाद पढ़ाई छोड़ खेती किसानी में कुछ नया करने का सपना सजोए पांडे ने वर्ष 2010 में खेती को अपने जीवन यापन का जरिया चुना। 
सहफसली की खेती देती है दोहरा मुनाफा प्रगतिशील किसान अनिल बताते हैं कि वर्तमान समय में हमने एक हेक्टर खेत में आलू व गन्ने की की फसल लगाने के साथ-साथ करीब 1 एकड़ में गन्ना गोभी तथा लहसुन की खेती की है। उनका कहना है कि जब हम ट्रेंच विधि से गन्ने की बुवाई करते हैं तो गन्ने का उत्पादन बेहतर होता है। लेकिन उसके बीच में खाली पड़ी जमीन पर हम आलू, टमाटर, गोभी, लहसुन और प्याज की खेती कर अतिरिक्त मुनाफा कमाते हैं। एक हेक्टर में सह फसली की खेती कर कमाया 12 लाख गत वर्ष एक हेक्टर खेत में गन्ना व आलू के सहफसली खेती करके 420 कुंतल आलू तथा 15 सौ कुंतल गन्ने का उत्पादन हुआ। जिससे करीब 12 लाख रुपए प्राप्त हुए।  इसमें करीब 8 लाख शुद्ध लाभ हुआ। 
उन्नतशील खेती करने के लिए कृषि विभाग ने कई बार किया सम्मानितउन्नतशील खेती करने के लिए कृषि विभाग कई बार अनिल पांडे को प्रथम किसान के रूप में सम्मानित कर चुका है। इस बाबत उपनिदेशक मुकुल तिवारी ने बताया अनिल पांडे जनपद के प्रगतिशील किसान हैं। कृषि गोष्ठी व मेले में विभाग इन्हें विशेष रूप से आमंत्रित करता है। ताकि इन के अनुभव का लाभ अन्य किसानों को भी मिल सके। इसके लिए विभाग द्वारा इन्हें कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular