Friday, April 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : मुसलमान अब नहीं रहा किसी पार्टी विशेष का वोट...

Gonda News : मुसलमान अब नहीं रहा किसी पार्टी विशेष का वोट बैंक-कमर अली

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। इस देश के मुसलमानों को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत सभी पार्टियां वोट बैंक समझती थीं, किन्तु मोदी और योगी की सरकारों ने उनके कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लाकर उन्हें राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल करने का काम किया है। यही कारण है कि योगी सरकार द्वारा शुक्रवार से प्रदेश के सभी मदरसों में राष्ट्र गान अनिवार्य किए जाने का आदेश जारी होने पर किसी ने ऐतराज नहीं जताया और उसका शत प्रतिशत अनुपालन शुरू कर दिया है। वह बात उप्र मदरसा शिक्षा परिषद के सदस्य कमर अली ने आज देर शाम सर्किट हाउस में ‘हिन्दुस्तान डेली न्यूज’ के साथ भेंट वार्ता के दौरान कही।

यह भी पढें :  युवती ने दूल्हे को पहनाई वर माला और देवर संग लिए फेरे, जानें क्यों

शनिवार से शुरू होने वाली मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचे कमर अली ने कहा कि धार्मिक स्थलों से बिना किसी विवाद के ध्वनि विस्तारक यंत्रों को हटा दिया जाना योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि होने के साथ ही यह उनके प्रति सभी धर्म और समुदाय के लोगों की निष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मदरसों में गणतंत्र दिवस और स्वाधीनता दिवस के अवसरों पर पहले भी दुआ के बाद राष्ट्र गान होता रहा है किन्तु योगी सरकार द्वारा मदरसों में इसे अनिवार्य बनाए जाने के बाद सभी मदरसा संचालकों ने इसके समादर में आज से राष्ट्र गान शुरू करवा दिया। पूरे प्रदेश में कहीं से भी इसका विरोध नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वह कल से शुरू हो रही मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सहूलियतों का जायजा लेने के लिए निकले हैं। गोंडा के बाद वह बलरामपुर और सिद्धार्थ नगर जिलों में जाकर व्यवस्था देखेंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान बच्चों को स्वच्छ व शीतल पेयजल तथा साफ-सुथरा शौचालय उपलब्ध कराना मदरसा संचालकां की बुनियादी जिम्मेदारी है। हम इसे प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराएंगे।

यह भी पढें :   डग्गामार वाहनों के संचालन पर क्या बोले CM योगी

उन्होंने कहा कि मदरसा बोर्ड भी अब परम्परागत शिक्षा प्रणाली से इतर नवीन पाठ्यक्रम ला रहा है। हमारे बच्चों के एक हाथ में कुरान होगी तो दूसरा हाथ में लैपटाप होगा। यहां पढ़ने वाले बच्चे यदि हाफिजे कुरान बन सकते हैं तो राष्ट्र की मुख्य धारा में जुड़कर सरकारी नौकरी भी हासिल कर सकते हैं। यदि मुसलमान की संतानें पढ़ी लिखी होंगी, तो वे किसी के लिए वोट बैंक बनकर नहीं रहेंगी। शिक्षा भेदभाव को खत्म करके भाईचारे को बढ़ावा देती है तथा हमें प्रगति के रास्ते पर ले जाती है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि यहां का ब्रांड पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां के बच्चे पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन करते हैं। कमर अली ने कहा कि अल्पसंख्यक छात्र छात्राओं को राष्ट्र की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए प्रदेश में 7442 मिनी आइटीआइ संचालित किए जा रहे हैं, जहां लैपटाप और कम्प्यूटर की भी शिक्षा दी जा रही है। यहां शिक्षण कार्य के लिए 21126 शिक्षकों की तैनाती है। इसके अलावा राज्य में कुल 16523 मदरसे संचालित हैं, जिनमें बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्राथमिक विद्यालयों की तर्ज पर 558 मदरसे हैं। इनमें 52 केवल लड़कियों के लिए हैं। सभी 558 मदरसे सरकार की अनुदान सूची में हैं और यहां के शिक्षकों को प्राथमिक शिक्षकां की भांति वेतन व अन्य सुविधाएं दी जाती हैं।

यह भी पढें :  पार्टी के चिंतन शिविर में सोनिया ने दे दिया बड़ा संकेत

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular