Monday, March 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News:भाजपा नेता ने रेल मंत्री व चेयरमैन रेलवे बोर्ड को लिखा...

Gonda News:भाजपा नेता ने रेल मंत्री व चेयरमैन रेलवे बोर्ड को लिखा पत्र

गरीबों के जीवन यापन के लिए ट्रेन संचालन शुरू करने की उठाई मांग

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। पूर्वोत्तर रेलवे परामर्शदाता एवं भाजपा नेता पंकज कुमार श्रीवास्तव ने रेलवे मंत्री पीयूष गोयल व रेलवे बोर्ड के चेयरमैन बीके यादव को पत्र भेजकर रेल यात्रियों की असुविधा को दूर करने व जनपदों की कनेक्टिविटी जोड़ने के लिए छह माह से ठप्प पड़ी प्रमुख रेलगाडियों के संचालन की मांग उठाई है। उन्होंने रेलमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि रेल यातायात शुरू होने से प्लेटफार्म के वेंडर, कुली व हाकर के साथ स्टेशन के बाहर रिक्शा टैम्पों चालकों व खानपान के ढाबा संचालकों जीविका मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि रेल यातायात से यात्री जहां सुविधा से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं, वहीं यात्रियों की यात्रा में सहायक लाखों लाख मजदूर व छोटे कारोबारियों को रोजगार भी मिलता है। महामारी के चलते एहतियाती तौर पर रेल संचालन स्थगित करने से लाखों परिवारों की जीविका घोर संकट में पड़ गई है। रेल संचालन शुरू होने से नौकरी पेशा दैनिक यात्रियों व छोटे व्यापारियों का ठप्प पडा व्यवसाय संभल सकता है। पत्र में रेल परामर्शदाता श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों को पडोसी जनपदों तक जाने के लिए पैसेंजर ट्रेनों का संचालन जनरल डिब्बों में बिना आरक्षण के जनहित में जरूरी है। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि गोण्डा से लखनऊ पैसेंजर, बहराइच, बलरामपुर व गोरखपुर पैसेंजर के साथ ही गोण्डा वाराणसी इन्टरसिटी व इलाहाबाद के लिए सरयू एक्सप्रेस का गोण्डा से विस्तार करके संचालन किया जाना जरूरी है। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि कोविड-19 के सुरक्षात्मक प्रावधानों के तहत यात्रियों को मास्क, सेनेटाइजर व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करके रेल संचालन से दैनिक यात्रियों के साथ ही छोटे छोटे व्यापारियों का कारोबार संभाला जाना जरूरी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular