जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले में इन दिनों ग्राम पंचायतों को नगर पंचायतों में बदलने की होड़ लगी है। धानेपुर, बालपुर के बाद तरबगंज तहसील मुख्यालय रामापुर और बेलसर को भी नगर पंचायत बनाए जाने की कोशिश शुरू हो गई है। क्षेत्रीय विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय के प्रयास से उनके विधानसभा क्षेत्र में दो नगर पंचायतों का गठन किया जा सकता है। इस प्रकार से जल्द ही जिले में नगर निकायों की संख्या बढ़कर 11 हो जाने की उम्मीद है।
सूत्र बताते हैं कि धानेपुर के बाद तरबगंज तहसील के अन्तर्गत रामापुर व बेलसर के भी नगर पंचायत के लिए निर्धारित मानक पूरा होने का दावा किया गया है। जांच में पूरा होने के बाद संबंधित गांवों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। जिले में तीन नगर पालिका व चार नगर पंचायत है। नगर पालिका गोण्डा के सीमा विस्तार को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। विस्तार को मंजूरी मिलने के बाद झंझरी व पंडरी कृपाल ब्लॉक की 27 ग्राम पंचायतें नगर पालिका में शामिल हो जाएंगी। इसी तरह मुजेहना ब्लॉक में धानेपुर को भी नगर पंचायत बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। यह नगर पंचायत चार गांवों की आबादी को जोड़कर बनाई जाएगी। कटरा बाजार के विधायक बावन सिंह गोण्डा लखनऊ मार्ग पर स्थित बालपुर कस्बे को नगर पंचायत बनाए जाने की मांग कर चुके हैं। इस सम्बंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। इसी प्रकार से तरबगंज के विधायक प्रेम नारायन पांडेय के प्रस्ताव पर दो नई नगर पंचायत बनाने की कार्यवाही तेज हो गई है। तरबगंज तहसील क्षेत्र में रामापुर व बेलसर को नगर पंचायत के रूप में परिवर्तित करने का फैसला किया गया है। ब्लॉकवार कराई गई जांच में नगर पंचायत बनाने के लिए निर्धारित मानक पूरा होने का दावा किया गया है। अब संबंधित गांव के प्रस्ताव मांगे गए हैं। बीडीओ सदानंद चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। यदि जिले में चार नई नगर पंचायतों का गठन हो जाता है, तो यहां नगर निकायों की संख्या बढ़कर 11 हो जाएगी।
रामापुर में शामिल होंगी पांच ग्राम पंचायतें :
तरबगंज तहसील की ग्राम पंचायत रामापुर को नगर पंचायत बनाया जाना है। प्रस्तावित क्षेत्र में ग्राम पंचायत रेतादल सिंह, ढोंढ़ेपुर, सेमरा व कटहा भी शामिल है। संबंधित क्षेत्र की आबादी 20249 है। वहीं, सिर्फ आठ किलोमीटर की दूरी पर ग्राम पंचायत बेलसर को नगर पंचायत बनाने के लिए प्रस्तावित किया गया है। इसमें चांदपुर, देवरदा के साथ ही बरसड़ा को भी शामिल किया जाएगा। इन गांवों की आबादी वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 20099 है।
नगर पंचायत बनने के मानक :
प्रस्तावित क्षेत्र की कुल वर्तमान जनसंख्या 20 हजार व पर्वतीय क्षेत्र में दस हजार होनी चाहिए। प्रस्तावित क्षेत्र में 75 प्रतिशत या उससे अधिक लोगों का व्यवसाय कृषि के अतिरिक्त अन्य होना चाहिए। सड़क यातायात अच्छा होने के साथ ही प्रस्तावित क्षेत्र में शहरी गुण, पुलिस थाना, विकास खंड, व्यवसायिक केंद्र, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, बिजली घर, बैंक, पोस्ट ऑफिस आदि होनी चाहिए। इन दोनों ग्राम पंचायतों पर यह सभी सुविधाएं लगभग उपलब्ध हैं।
