Saturday, March 7, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत

Gonda Capsule : सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत परसापुर पेट्रोल पम्प के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मैजिक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मोतीगंज थाना क्षेत्र के विद्यानगर निवासी दीप नारायण गुप्ता (55) अपनी पत्नी कुन्ती देवी (45) के साथ गोंडा शहर गल्ला मंडी स्थित अपनी रिश्तेदारी में आ रहे थे। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत परसापुर पेट्रोल पम्प के पास एक मैजिक ने उनकी बाइक को ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये। पति-पत्नी सड़क पर गिर गये। घटना में दोनों गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे खोरहंसा चौकी प्रभारी दान बहादुर सिंह ने तत्काल उन्हें लोगों की मदद से दोनों घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। दीप नरायन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि, जिला अस्पताल से रेफर होने के बाद कुंती देवी की मौत लखनऊ ले जाते वक्त हो गई। दोनों शवों का पुलिस ने पोस्ट मार्टम कराया है। पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एलबीएस की टीम प्रतियोगिता जीती

लाल बहादुर शास्त्री कालेज में मंगलवार को आयोजित अन्तर्महाविद्यालयी महिला बास्केट बाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबले में एलबीएस की टीम ने किसान पीजी कालेज बभनान को करारी शिकस्त दी। फाइनल मुकाबले में एलबीएस की खिलाड़ियों ने किसान पीजी की टीम के आठ अंकों मुकाबले 10 अंक अर्जित कर दो अंको के अंतर से हराकर प्रतियोगिता जीती। प्रतियोगिता में आठ अंकों के साथ किसान पीजी टीम उपविजेता रही। इससे पहले एलबीएस की टीम ने झुनझुनवाला अयोध्या की टीम को 22-शून्य के भारी अंतर से हराया। एलबीएस की ओर से मीनाक्षी, पुष्पा, निधि ने बेहतर खेल दिखाया। प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ, मुख्य अतिथि एएसपी शिवराज ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और खेल भावना से प्रतिभाग करने की प्रेरणा दी। प्रबंध समिति उपाध्यक्ष वर्षा सिंह व सचिव उमेश शाह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष विजय कृष्ण पाण्डेय, सुरेन्द्र पाल सिंह, प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार पाण्डेय, डा. आरपी सिंह बघेल, प्राक्टर डा. श्याम बहादुर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढाया।

आपसी विवाद में मारपीट

वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनघुसरा के मजरे हरिसिंह पुरवा निवासिनी लालपति चौहान ने कहा है कि नीम के पेड़ के विवाद को लेकर गांव के ही कोलई चौहान व नंदकिशोर चौहान ने उसके सहन दरवाजे पर पीड़िता, प्रियंका, सुमित्रा से अभद्रता करते हुए मारा पीटा है। थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

खेल प्रतियोगिताएं आयोजित

बाल दिवस पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्कूलों में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया। रघुकुल में बाल दिवस पर इंटर हाउस खेल प्रतियोगिता हुई। जिसमें बच्चों ने फुटबाल, खोखो, रेस में सहभाग किया। अजंता हाउस ने सांची हाउस का पराजित कर प्रतियोगिता जीती। 100 मीटर रेस में आदित्य, श्रद्धा, खुशी, राजवीर, सोनी विजेता रहे। प्रबंधक सुमित सिंह, प्रधानाचार्य निधि कालरा, निशांत श्रीवास्तव, अनूप जसवानी, एसपी सिंह, अमित सिंह, मोहित चौहान, टीडी तिवारी, मनोज यादव का सहयोग रहा। बालदिवस पर सैंट थॉमस में कबड्डी, वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई। मुकाबलों में मैचों में क्राइस्ट चर्च कॉलेज की टीमें विजयी रहीं। प्रधानाचार्य इनोश चत्री ने बताया कि विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

महिला मेटों ने किया प्रदर्शन, मांगा काम

मनरेगा की महिला मेट ग्रामीण विकास समिति ने मंगलवार को प्रदर्शन कर एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें मनरेगा कार्यों में मेटों को काम दिलाए जाने की मांग की गई है। प्रान्तीय अध्यक्ष सरिता मिश्रा की अगुवाई में मनरेगा मेट मौजूद रहे। सौंपे गए ज्ञापन में सभी महिला मेटों को नियमित रुप से मासिक मानदेय सहित ब्लॉक कर्मी घोषित किए जाने की मांग की गई। नियुक्ति प्रमाण पत्र देने की मांग की गई। सभी ग्राम पंचायत में जो भी महिला मेट नियुक्त हुई हैं, उन्हें सबसे पहले कार्य दिए जाने की मांग संगठन ने की है। ऐसे गांवों में महिला मेटों की नई नियुक्ति नहीं किए जाने की मांग की गई है। 20 श्रमिकों के काम करने की दशा में ही महिला मेटों को लगाए जाने के प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग की गई है। महिला मेटों को सरकारी स्मार्ट फोन दिलाजे उन्हें जियो टैगिंग करने का अधिकार दिए जाने की मांग की गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष शशीकला ने कहा कि तैनाती के बाद भी महिला मेट काम से वंचित हैं उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है।

छापे में हुआ अवैध प्रसव केन्द्र का खुलासा

खरगूपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर अवैध रूप से चल रहे एक प्रसव केंद्र का खुलासा किया है। यहां पर झोलाछाप महिला महिलाओं का प्रसव करा रही थी। महिला के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवगढ़ के हृदय नगर चौराहे पर झोलाछाप संजू वर्मा की कथित क्लीनिक पर क्षेत्र की एक महिला का प्रसव कराया जा रहा था। इसी बीच सीएचसी अधीक्षक अधीक्षक डॉ अजय यादव, फार्मासिस्ट कुलदीप त्रिपाठी की टीम पहुंच गई। पता चला कि बिना पंजीकरण के अवैध रूप से वर्षों से क्लीनिक चलाया जा रहा था। यहां पर महिलाओं का प्रसव कराया जाता रहा। क्लीनिक चलाने का कोई कागज महिला नहीं उपलब्ध करा सकी। स्वास्थ्य टीम को यहां स्टेथोस्कोप, बीपी मापने का उपकरण, डीएनसी, अनवांटेड किट के साथ कई प्रकार के इंजेक्शन, कैप्सूल, टेबलेट व अन्य दवाएं पाई गई। बताया जाता है कि खरगूपुर कस्बा सहित क्षेत्र में दर्जनों अवैध प्रसव केंद्र चल रहे हैं, जिसमें कुछ एएनएम व आशा कार्यकत्री भी शामिल बताई जाती हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ अजय यादव ने बताया कि अवैध प्रसव रूप से चल रहे प्रसव केंद्र पर छापा मारा गया है। जो बिना डिग्री व पंजीकरण के चल रहा था। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट सीएमओ को भेजी गई है।

शिक्षक नेता के निलम्बन पर संगठन लामबंद

विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह के निलम्बन के खिलाफ संगठन लामबंद हो गया है। संगठन ने निलम्बन को निरस्त करते हुए निलम्बित करने वाले अफसरों पर कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता को सौंपा है। संगठन ने शिक्षक नेता को बदले की भावना से निलम्बित करने का आरोप लगाते हुए ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षक नेता ने पुस्तक वितरण में बरती गई विभागीय लापरवाही के खिलाफ शिकायत की थी, जिस पर विभागीय अफसर भड़क गए। अभी तक स्कूलों में पुस्तक का वितरण नहीं किया गया है। इस दौरान मण्डल अध्यक्ष आजाद वेग, मण्डल मंत्री संजीव कुमार मिश्रा, जीतेन्द्र सिंह, देवेन्द्र कुमार, अभय गिरि बाबा, हकीकुल्लाह, सतीश पाण्डेय, रंजीत गौतम, राम प्रकाश मिश्रा, राम गोपाल, शान मोहम्मद, मनोज पाण्डेय, मनोज सिंह, सत्यवान सिंह, नारायण तिवारी, विनोद शुक्ला, चन्द्र प्रकाश दूबे, राजेश वर्मा, रवीकान्त आदि रहे।

सीबीआई ने फिर जिले में डाला डेरा

अनाज घोटाले की जांच कर रही सीबीआई की छह सदस्यीय टीम ने जिले में एक बार फिर डेरा डाल दिया है। टीम मंगलवार को आपूर्ति विभाग पहुंची। यहां अनाज घोटाले के समय के लाभार्थी व कोटेदारों के बयान दर्ज किए। जिले में अनाज घोटाला वर्ष 2004-06 के बीच दो साल में हुआ था। घोटाले की राशि करोड़ों में आंकी गई थी। जिस पर हाईकोर्ट ने पूरे घोटाले की जांच करने का जिम्मा सीबीआई को जांच सौंपा था। वर्ष 2010 दिसम्बर के दूसरे पखवारे में जिले में आई सीबीआई टीम ने एक व्यापारी के घर से 80 लाख रुपये छापेमारी के दौरान बरामद किया गया था, जिसे आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया था। सीबीआई टीम जिले भर के सभी ब्लॉक में एक साथ हुए घोटाले की जांच को एक साथ जांच नहीं करके सभी ब्लॉक की जांच अलग-अलग कर रही है। इसी क्रम में सीबीआई ने तरबगंज, नवाबगंज, मनकापुर, छपिया, कटरा बाजार, वजीरगंज की जांच सीबीआई ने की है। यहां के लाभार्थी, कोटेदार, प्रधान व फाइनेंसरों के बयान भी सीबीआई ने दर्ज किए थे। दो ब्लॉक के चार्जशीट भी टीम ने कोर्ट में दाखिल किया था। इसके आधार पर दो फाइनेंसर, आवश्यक वस्तु निगम के गोदाम प्रभारी, कोटेदारों और कुछ अफसरों को जेल तक जाना पड़ा था।

युवती को भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज

धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने अपनी 23 वर्षीय पुत्री को एक व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है । पीड़ित ने दिये शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि घनश्याम वर्मा उर्फ राकेश वर्मा ने उसकी 23 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप लगाया है कि उसकी बेटी 50 हजार की नकदी, शैक्षिक अभिलेख, आधार कार्ड, बैंक पासबुक व मोबाइल नंबर को भी ले कर चली गई है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत पर भी घनश्याम वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

लापता बच्चा कानपुर से बरामद

नगर कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शहर के राधाकुंड मोहल्ले से लापता बच्चे को कानपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे के पिता राकेश कुमार ने कोतवाली में इस संबंध में प्रार्थनापत्र दिया था। एएसपी शिवराज के पर्यवेक्षण में नगर कोतवाली पुलिस ने बच्चे को सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत किया।

दो किसानों पर दर्ज होगा धोखाधड़ी का मुकदमा

सिविल जज जूनियर डिवीजन द्वितीय वीनस कुमारी ने बैंक के साथ धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध थानाध्यक्ष नगर कोतवाली को नियमानुसार अभियोग पंजीकृत करने का आदेश किया। भारतीय स्टेट बैंक के अधिवक्ता विवेक मणि श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक की कृषि विकास शाखा से उदय भान और त्रिवेणी प्रसाद निवासी ग्राम पिपरी मांझा ने तीन-तीन लाख रुपये कर्ज बैंकवालों को अंधकार में रखकर और धोखाधड़ी से ले लिया। आरोपियों ने बैंक को फर्जी शपथ पत्र भी इस बात का दिया था कि वह न तो दूसरे बैंक के कर्जदार हैं और न ही अपनी जमीन को बेच रखा है। कर्ज न जमा होने पर जांच में बैंक अफसरों को पता चला कि आरोपियों ने बैंक को गुमराह करके कर्ज लिया है। इस पर बैंक ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एसपी को पत्र दिया। कार्रवाई न होने पर एसबीआई के कृषि विकास शाखा की ओर से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया। इस पर न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी द्वितीय ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके विवेचना करने का आदेश दिया।

मंगलवार को जिले में मिले सात डेंगू मरीज

जिले में डेंगू रोगियों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। प्रतिदिन रोगियों की तादात में उत्तरोत्तर बृद्धि हो रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल में हुई दस जांचों में सात मरीज डेंगू पाजिटिव पाए गए हैं। सरकारी आंकड़ों को ही देखें तो अब तक डेंगू रोगियों की संख्या बढ़कर 114 पहुंच गई है। वहीं, जिला अस्पताल में बनाया गया डेंगू वार्ड फुल हो गया है। मरीजों की बढ रही है संख्या को देखते हुए डेंगू वार्ड के सामने दस बेड के वार्ड को तैयार रखा गया है। जिले में इस समय बुखार कहर ढा रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बुखार की चपेट में हैं। कोई साधारण तो कोई टाइफाइड की चपेट में है। बच्चे भी पाइरेक्सिया और हाइपर पाइरेक्सिया से जूझ रहे हैं। जिला अस्पताल से लेकर प्राइवेट क्लीनिकों में भी बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं मच्छर जनित बीमारियां भी लोगों को परेशान कर रही हैं। मलेरिया, फाइलेरिया के साथ ही डेंगू तो लोगों के जान का जोखिम बन गया है। जिले में 13 मलेरिया बुखार से भी पीड़ित मरीज पाए गए हैं।

विवाहिता की संदिग्ध मौत

धानेपुर थाना क्षेत्र के शिवबक्श पुरवा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। इस पर पुलिस ने पति समेत सात ससुरालियों पर दहेज हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिवबक्श पुरवा गांव में मंगलवार को रंजना (21) पत्नी शिवम पांडेय का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही धानेपुर पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की। क्षेत्र के ग्राम पंचायत रुद्रगढ़ नौसी के मजरा पिपरा लालच निवासी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि उन्होंने अपनी लड़की रंजना की शादी दो साल पहले शिवबक्श पुरवा कसाई पुरवा में शिवम पांडेय के साथ की थी। उनका आरोप है कि कम दहेज लाने को लेकर बेटी को ससुराल वाले ताना देते थे। साथ ही दहेज में कार, दो लाख रुपए, सोने की जंजीर व दो अंगूठी की मांग कर रहे थे। मायके आने पर उनकी बेटी यह बात बताती थी। जयप्रकाश का आरोप है कि मंगलवार को दहेज के खातिर ससुरालियों ने बेटी को मार डाला और आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटका दिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतका के पिता जय प्रकाश दूबे की तहरीर पर पति शिवम पांडेय, ससुर जगदीश पांडेय, सास व ननद पिंकी, रिंकी, सोनम व सीमा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular