Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : यूटा ने भरी हुंकार, सौंपा ज्ञापन

Gonda Capsule : यूटा ने भरी हुंकार, सौंपा ज्ञापन

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। वर्षों से बिना पदोन्नति के परिषदीय स्कूल में काम करने वाले शिक्षकों के सहायक अध्यापक बने रहने और फिर बिना उचित वेतन के प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में काम करने की बाध्यता के विरोध में यूटा उतर आया है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह की अगुवाई में सैकड़ों शिक्षकों ने सोमवार को बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह को सौंपा। बीएसए से जिलाध्यक्ष सिंह ने कहा कि जनपद में पदोन्नति प्रक्रिया कई वर्षों से ठप है, जिससे हजारों शिक्षक-शिक्षिकाएं परिषदीय विद्यालयों में मूल नियुक्ति वाले सहायक अध्यापक के ही पद पर कार्य करने को विवश हैं। वहीं दूसरी ओर पदोन्नति न होने से रिक्त प्रधानाध्यापकों के पदों पर इन्हीं सहायक अध्यापकों से बिना किसी अतिरिक्त पदानुकूल पगार व भत्ता दिये काम लिया जा रहा है। ऐसे प्रभारी प्रधानाध्यापकों का आर्थिक, विभागीय व मानसिक शोषण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को 30 सितंबर तक प्रमोशन करने के लिए निर्देश भी दिए थे। फिर भी अफसरों ने चुप्पी साध रखी है। इस दौरान जिला संरक्षक हेमंत तिवारी, जिला मंत्री आत्रेय मिश्रा, कोषाध्यक्ष चंदन सिंह, उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय, सुनील विश्वकर्मा, सादिक अली, बृजभूषण पांडेय, धर्मेन्द्र तिवारी, विनय मिश्र, मनोज सिंह, अनिमेष सिंह, उपेंद्र सिंह, रंजीत, जितेन्द्र तिवारी, सुचित्रा सिंह, दीक्षा सिंह, ममता सिंह, आकृति यादव, आकांक्षा जायसवाल, बबिता शुक्ल, सुषमा यादव, अर्चना पांडेय, राजेश जायसवाल, आशुतोष शुक्ल, रत्नेश वर्मा आदि रहे।

महिला ने लिखाई मारपीट की रिपोर्ट

धानेपुर थाना क्षेत्र के जैतापुर गांव की महिला ने गांव के ही चार लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। धानेपुर थाना क्षेत्र के जैतापुर गांव की रहने वाली महिला रोली सिंह ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उनका बछड़ा गांव के रहने वाले विपक्षियों के दरवाजे पर चला गया था। जिस पर विपक्षियों ने वाद विवाद करते हुए गाली गलौज दिया और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आई हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने बताया कि रोली सिंह की शिकायत पर जैतापुर गांव के रहने वाले ओंकार सिंह, इनकी पत्नी राधा सिंह, महेश कुमार व राजेंद्र वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

एनएलआरएम कर्मियों ने दिया धरना

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को आगे बढ़ाने के लिए तैनात आउट सोर्सिंग कर्मचारी सोमवार को भी आंदोलित रहे। कर्मचारियों ने विकास भवन परिसर में बने विभाग के सामने ही धरना देकर अपने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। मानदेय भुगतान भारी कटौती और फिर सालाना इंक्रीमेंट नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान डीडीएम नीलाम्बुज श्रीवास्तव, अम्बिका चौधरी, अंशुमान तिवारी, सीमा आदि के अलावा ब्लॉक स्तरीय एनआरएलएम प्रबंधकों ने भी हिस्सा लिया।

गैंगेस्टर को तीन वर्ष की सजा

विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर) अनामिका चौहान ने गैंगस्टर आरोपी को तीन वर्ष एक माह की कैद व अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड की अदायगी न करने पर अतिरिक्त सज़ा भुगतनी होगी। विशेष अभियोजक गैंगस्टर दान बहादुर सिंह व उदय प्रताप वर्मा ने बताया कि अभियुक्त मिथलेश पुत्र केशव राम निवासी बेहनन पुरवा मौजा छतौरा थाना कटरा बाजार जिला गोंडा के विरुद्ध पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। प्रकरण की विवेचना करने के बाद आरोप पत्र अदालत पर भेज दिया। अदालत ने बचाव पक्ष व विशेष अभियोजक के दलीलों व बहस को सुना तथा पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के उपरांत आरोपी को गैंगस्टर का दोषी करार देते हुए तीन वर्ष एक माह की कैद व पांच हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड की अदायगी न करने पर पंद्रह दिन का साधारण कारावास भुगतना होगा।

भगाई गई लड़की बरामद

जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने पिछले दिनों ट्यूशन पढ़ने गई नाबालिग लड़की को भगा ले जाने के आरोपी सर्वेश कुमार गोस्वामी पुत्र रामानंद निवासी दुबाई हाता थाना कोतवाली कर्नलगंज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी ने बताया कि लड़की पड़ोस के गांव के युवक से ट्यूशन पढ़ती थी। पिछले सप्ताह घर पढ़ने के बाद लड़की गायब हो गई थी। काफी ढूंढ़ने के बाद परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया था। सोमवार को उपनिरीक्षक अखिलेश यादव की टीम ने आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। आरोपी युवक के विरुद्ध नाबालिग लड़की को भगा ले जाने, उसके साथ दुष्कर्म करने और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

24 को होगा पीडब्ल्यूडी मिनिस्ट्रीरियल कर्मचारी का चुनाव

पीडब्ल्यूडी मिनिस्ट्रीरियल कर्मचारी एसोसिएशन की जिला इकाई भंग कर दी गई है। अब नए सिरे से 24 को चुनाव कराए जाएंगे। प्रांतीय खंड कार्यालय में सोमवार को पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय सर्व सम्मति से लिया गया। अध्यक्ष राधेश्याम यादव व मंत्री आलोक चौधरी की मौजूदगी में बताया गया कि कुल 11 पदों के चुनाव कराए जाएंगे। नामाकंन 21 को होंगे। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों केबी सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष संजय तिवारी, ममता श्रीवास्तव, पीएन श्रीवास्तव, शशि गौतम, सुशीला, बृजेश आदि ने चुनाव की रणनीति बनाई, जिसमें चुनाव सम्पन्न होने तक तक समिति को वैकल्पिक तौर पर कार्य करते रहने का निर्णय किया गया। रणधीर भारती व शिवदीन को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। उन्हांने बताया कि इसी के साथ सदस्यता अभियान शुरु कर दिया गया है।

चोरी की बाइक बरामद, एक गिरफ्तार

जिले के उमरी बेगमगंज थाने की पुलिस ने हफ्तेभर पूर्व हुई बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए बाइक चोर मोहित गुप्ता निवासी बेलसर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है। आरोपी ने बीते दिन जफरापुर मोड़ के पास स्थित एक मकान से मोटर साइकिल चोरी की थी। थाने के उपनिरीक्षक अवधेश यादव ने बताया कि चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को न्यायालय भेज दिया गया है।

समीक्षा बैठक में सीडीओ ने दी चेतावनी

मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने विभागीय समीक्षा बैठक में अपेक्षित प्रगति न लाने पर तीन खण्ड विकास अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि जो बीडीओ व ब्लॉक के कर्मचारी विभागीय कार्यों के निपटान में आवश्यक ध्यान नहीं दे रहे हैं, वे अब कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। वह सोमवार को विभागीय कामकाज की साप्ताहिक समीक्षा कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, सीडीओ ने विभागीय कार्यों की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायतों में हो रहे कार्यों के प्रस्तावों के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि अभी स्टीमेट तैयार नहीं है। सीडीओ इस जवाब पर गंभीर दिखे। उन्होंने कहा कि बहानेबाजी करने वाले अपनी कार्यशैली में तत्काल प्रभाव से सुधार लाएं। मनरेगा कार्यों के प्रगति की जानकारी डीसी मनरेगा संत कुमार से ली। उन्होंने जाब कार्डधारकों को दिए जाने वाले रोजगार की स्थिति से सीडीओ को अवगत कराया। मनरेगा कार्यों की जिले में रैंकिंग बढ़ाए रखने पर जोर डाला गया। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह से उन्होंने बालिकाओं का नामांकन बढ़ाए जाने पर जोर डाला। कस्तूरबा विद्यालयों के शैक्षिक सुधार की भी जानकारी उन्होंने ली। स्कूलों के कायाकल्प के कार्यों के प्रगति व प्रस्तावों के बारे में पूछताछ की। जिला समन्वयक राजेश सिंह, गणेश गुप्ता ने योजनाओं के प्रगति की जानकारी दी। डीपीआरओ लालजी दूबे ने ग्राम पंचायतों में चल रहे पंचायत भवन आदि के निर्माण की प्रगति व ग्रामीण विकास आदि को लेकर विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी ने सीडीओ से मांगे गए रिपोर्ट पेश किए। डीसी एनआरएलएम ने समूह गठन के बारे में जानकारी दी।

संविदा कर्मियों ने शुरू किया धरना

नवाबगंज उपकेन्द्र पर तैनात बिजली संविदा कर्मी देवा यादव की हिरासत में मौत को लेकर उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन संविदा/निविदा कर्मचारी संघ की ओर से धरना प्रदर्शन शुरू किया गया है। सोमवार कोमुख्य अभियंता कार्यालय के सामने संगठन के मध्यांचल अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव व अतुल सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी उपकेन्द्रों के कर्मियों का जमावड़ा हुआ। बाद में मुख्य अभियंता राजीव मोहन को पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। पत्र में थानाध्यक्ष नवाबगंज व संविदा कर्मी की हिरासत में मौत के दोषियों को बर्खास्त कराने व उनके वेतन आदि से कटौती कराकर मृतक देवा के परिजनों को 50 लाख रुपये अनुग्रह राशि दिलाने की मांग की है। पत्र के मुताबिक संविदा कर्मी देवा यादव घटना के दिन ड्यूटी पर तैनात था। उसी दौरान नवाबगंज पुलिस ने दबाव बनाकर उसे थाने बुलाया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान थाने में उसकी मौत हो गई। इससे बिजली कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगे पूरी नहीं होने की दशा में मंगलवार से पूरी तरह से कार्य बहिष्कार कर दिया जाएगा।

पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

जिले के छपिया थाना क्षेत्र में सोमवार को नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बाथरूम में दुपट्टे से लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही दोनों को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के पिकौरा बुजुर्ग गांव के हरदवा मजरे निवासी नेहा (18) पुत्री बब्बू का गांव के ही बलराम नाम के युवक से काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बलराम इसी थाना क्षेत्र के ग्राम पतिजिया का मूल निवासी है। यहां ननिहाल में रहता था। कुछ माह पूर्व दोनों ने बस्ती जिले के परशुरामपुर क्षेत्र के एक मंदिर में विवाह किया था। सोमवार सुबह नेहा पत्नी बलराम का शव बाथरूम में दुपट्टे से लटकता मिला। जानकारी मिलने पर मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ संजय तलवार और नायब तहसीलदार अमित कुमार यादव ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा भरवाया। उप निरीक्षक सुरेश मणि मिश्रा ने बताया कि नेहा की मां सुनीता पत्नी बब्बू निवासी पिकौरा हरदवा ने तहरीर दी कि उसकी बेटी को दहेज के लिए उसकी सास और पति प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने नेहा के पति बलराम पुत्र पतिराम और सास कलावती के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।

अवैध असलहा के साथ तीन गिरफ्तार

जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के खोरहंसा चौकी पुलिस ने अवैध असलहे के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि तीनों चोरी की योजना बनाते समय पकड़े गए हैं। प्रभारी निरीक्षक कमला कांत त्रिपाठी ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने टीम ने ग्राम चिश्तीपुर के राम नगर तिराहे से पथरी रोड पर बंद पड़े ईंट भट्टे के पीछे रात के करीब दो बजे कुछ लोग संदिग्ध हालात में दिखाई पड़े। पुलिस को देखकर तीनों लोग भागने लगे। सहयोगियों के साथ चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह ने तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम राजेश उर्फ चुन्नू उर्फ आजम निवासी पूरे तिवारी, टेनू उर्फ छोटे लाल निवासी जमुनिया बाग और इंसाफ अली उर्फ कालिया निवासी पूरे तिवारी कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।

यह भी पढें : ARP ने सहयोगी शिक्षक के साथ किया दुष्कर्म, जेवर लूटे, निलम्बित

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular