प्रदीप पांडेय
गोंडा। जिले के विकासखंड इटियाथोक अंतर्गत छुट्टा गोवंशो से ग्रामो के लोग परेशान हैं। इधर उधर घूम रहे यह गोवंश फसलों को नष्ट कर रहे है साथ ही लोगो पर हमला कर चोटिल भी कर रहे है। सड़को पर भाग दौड़ करने वाले गोवंश दुर्घटनाओ की वजह बन रहे है। क्षेत्र के लोगों की मांग पर पूर्व में ब्लाक क्षेत्र के कंचनपुर और रानीपुर में एक- एक अदद गौशाला का निर्माण हो चुका है। क्षेत्र के लोगों को छुट्टा गोवंशो से निजात दिलाने के उद्देश्य से ब्लॉक क्षेत्र के दो ग्राम पंचायतों में इन दिनों गौशाला का निर्माण कार्य मनरेगा योजना के तहत चल रहा है। इस क्रम में अर्जुनपुर और नरौरा भर्रापुर पंचायत में गौशाला निर्माण का कार्य जारी है। नरौरा भर्रापुर में करीब 38 लाख रुपये की लागत से बन रही गौशाला लगभग तैयार हो चुकी है, मुख्य गेट सहित छोटे-मोटे काम बचे हैं जो अगले एक सप्ताह में पूर्ण हो जाएंगे और गौशाला चालू हो सकती है। इसी प्रकार अर्जुनपुर ग्रामसभा में करीब 39 लाख रुपए की लागत से गौशाला का निर्माण हो रहा है। यहां पर अभी आंशिक कार्य के साथ बाउंड्रीवाल का निर्माण चल रहा है, बाकी कार्य जल्द ही संपन्न होंगे। उक्त जानकारी देते हुए ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी रूपनारायन भारती ने कहा कि दोनों गौशालाओं का निर्माण कार्य मनरेगा योजना के तहत ग्राम प्रधान और सचिव के माध्यम से कराया जा रहा है।

ब्लाक दिवस में आये दो मामले
तहसील दिवस और थाना दिवस के बाद अब ब्लाक दिवस का आयोजन भी शासन के निर्देश पर हर ब्लाक में किया जा रहा है। यह आयोजन माह के पहले और तीसरे बुधवार को किया जाता है। ब्लाक स्तरीय संबंधित अफसर मौजूद रहकर जन समस्याओं की सुनवाई करते हैं। इसी क्रम में जिले के इटियाथोक ब्लाक में दो नवम्बर को सुबह 10 बजे से शाम दो बजे तक यह आयोजन किया गया। यहां एडीओ डब्लू जहीरुन्निसा तथा एडीओ एसटी विशाल वर्मा मौके पर मौजूद रहे। दोनो अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि यहां कुल दो मामले पेश हुए जिनका समाधान कराया गया। यह भी बताया कि परिक्रमा और मेले के चलते क्षेत्र के लोग यहां आयोजन में नहीं आये। उन्होंने कहा कि आयोजन में जनता की शिकायतों की सुनवाई कर निस्तारण कराया जाता है।

प्राथमिक स्कूल में बच्चों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले के शिक्षा क्षेत्र इटियाथोक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अयाह प्रथम और द्वितीय में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आई हुई स्वास्थ्य टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम ने बच्चों की लंबाई, वजन, आँख, गले, एनिमिया, पेट संबंधी विकार आदि की जांचकर उन्हें उचित चिकित्सीय सलाह दी। इस दौरान चार छात्राओं को कुछ अधिक समस्या होने पर सीएचसी भी रेफर किया गया। टीम मे डा. दीक्षा सिंह और राम बहादुर मौजूद रहे। टीम के सदस्यों ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एक नई पहल है जिसका उद्देश्य 0 से 18 वर्ष के बच्चों में बीमारियों की जांच करना है। इन बीमारियों में जन्म के समय किसी प्रकार के विकार, बीमारी, कमी और विकलांगता सहित विकास में रुकावट आदि की जांच शामिल है। इस अवसर पर नसीम अंसारी, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, शार्दूल श्रीवास्तव, हरिनारायन मिश्र और मेनका पांडेय सहित सभी विद्यालयी स्टाफ उपस्थित रहे।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
