जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। आगामी 14 जुलाई से एक माह तक चलने वाले सावन मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बीच अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज शनिवार की शाम अचानक पृथ्वीनाथ मंदिर पहुंचे तथा खरगूपुर के थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी व प्रबंधक के प्रधान पुजारी जगदम्बा प्रसाद तिवारी के साथ सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। प्राचीन काल के प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर पर एक माह तक चलने वाला सावन मेला गुरुवार से शुरू होगा। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशाल शिव लिंग पर जलाभिषेक व पूजन-अर्चन करेंगे। जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर खरगूपुर नगर पंचायत के समीप पृथ्वीनाथ मंदिर स्थित है। मान्यता है कि अज्ञातवास के दौरान भीम ने इस शिवलिंग की स्थापना की थी। यह शिवलिंग प्राचीन काल का बताया जाता है। मंदिर में स्थापित साढ़े पांच फुट ऊंचा शिवलिंग काले-कसौटी के दुर्लभ पत्थरों से निर्मित है। जनश्रुति के अनुसार, मुगल सम्राट काल में उनके एक सेनापति ने पूजा-अर्चना की और मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। भीम द्वारा स्थापित यह शिवलिंग धीरे-धीरे जमीन में समा गया। कालांतर में राजा गुमान सिंह की अनुमति से यहां के निवासी पृथ्वी सिंह ने मकान निर्माण के लिए खोदाई शुरू करायी। उसी रात स्वप्न में पता चला कि नीचे सात खंडों का शिवलिंग दबा हुआ है। इसके बाद पृथ्वी सिंह ने पूरे टीले की पुनः खोदाई करायी, जहां पर एक विशाल शिवलिंग उभर कर सामने आया। उन्होंने इसके बाद हवन के उपरांत पूजन-अर्चन शुरू कराया। तभी से इसका नाम पृथ्वीनाथ मंदिर हो गया और बड़ी संख्या में लोगों के आस्था का केंद्र बन गया। बताया जाता है कि लगभग तीन दशक पूर्व तत्कालीन सांसद कुंवर आनंद सिंह के पत्र पर पुरातत्व विभाग की जांच में पाया गया कि उक्त मंदिर में स्थित शिवलिंग एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है, जो पांच हजार वर्ष पूर्व महाभारत काल का है। लोगों का मानना है कि यहां सच्चे मन से दर्शन-पूजन व जलाभिषेक करने से मनवांछित फल प्राप्त होता है। उक्त मेले में खासकर सोमवार व शुक्रवार के दिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचते हैं। उच्च न्यायालय के निर्देश पर इस मंदिर के प्रशासक स्वयं जिलाधिकारी हैं। उन्होंने मंदिर की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के लिए उपजिलाधिकारी को अधिकृत कर रखा है। मौजूदा डीएम डा. उज्ज्वल कुमार तथा एसडीएम सदर वीके सिंह के विशेष प्रयास से मंदिर के सुन्दरीकरण के लिए इसके आसपास करोड़ों रुपए की लागत से कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। आने वाले समय में यह स्थान देखने लायक होगा। दो दिन पूर्व जिला शांति समिति की बैठक में मंदिर के मुख्य पुजारी जगदम्बा प्रसाद तिवारी ने मेले की तैयारियों की मौके पर समीक्षा करने के लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया था। इसी क्रम में एएसपी शिवराज कल शाम मंदिर पहुचे और सभी जिम्मेदार लोगों के साथ परिसर का भ्रमण करके सुरक्षा प्रबंध व अन्य तैयारियों का जायजा लिया। मेले में महीने तक लगने वाली दुकानों, झूलों आदि के बारे में मंदिर के पुजारी से चर्चा की। उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले मेले व जलाभिषेक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तथा व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। इसमें पीएसी, महिला पुलिस, होमगार्ड के साथ ही अराजक तत्वों पर खुफिया नजर रखने के लिए सादे वर्दी में भी पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया है कि त्यौहार रजिस्टर तथा स्थलीय निरीक्षण के उपरान्त पुलिस फोर्स का आंकलन करके मांग प्रेषित कर दें, जिससे पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा सके।

यह भी पढें : कुर्बानी की फोटो, वीडियो वायरल किया तो जाएंगे जेल
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
