डीएम, एसपी ने शिव मंदिर का भ्रमण कर तैयारियों का लिया जायजा
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ व दुखहरन नाथ मंदिरों में आगामी मंगलवार को कजली तीज पर लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कर्नलगंज स्थित सरयू नदी तथा दोनों शिव मंदिरों को तीन जोन व नौ सेक्टरों में विभक्त करके सोमवार से ही मजिस्ट्रेट व पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। जलाभिषेक को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए एक हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को सम्पूर्ण जनपद में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है किन्तु ऐहतियातन सोमवार को भी गोंडा नगर क्षेत्र समेत कांवडियों के रास्ते में पड़ने वाले पांच विकास खण्डों के आंशिक विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इस बीच डीएम और एसपी ने रविवार को पृथ्वीनाथ मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी. दूर रुपईडीह विकास खण्ड के पचरन ग्राम पंचायत में स्थित ऐतिहासिक महत्व के पृथ्वीनाथ मंदिर तथा गोंडा नगर स्थित दुखहरन नाथ मंदिर में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु कजली तीज के पर्व पर जलाभिषेक करते हैं। इनमें स्थानीय मेलार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में कांवडिये भी शामिल होते हैं, जो कर्नलगंज स्थित सरयू नदी से जल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। इस वर्ष 30 अगस्त (मंगलवार) को कजली तीज का पर्व मनाया जाना है। कोरोना काल में दो साल तक स्थगित रहने के उपरान्त पहली बार आयोजित होने वाले कजली तीज मेले में इस वर्ष करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने का अनुमान है। इनमें पृथ्वीनाथ मंदिर में करीब छह लाख और दुखहरन नाथ मंदिर में करीब चार लाख श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। बता दें कि पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित देश के विशालतम शिवलिंगों में से एक पृथ्वीनाथ मंदिर में स्थापित शिवलिंग जमीन के बाहर करीब पांच फिर ऊंचा तथा दो मीटर व्यास वाला शिवलिंग है। जमीन के अंदर इसकी गहराई का अब तक कोई आंकलन नहीं किया जा सका है। जिलाधिकारी ने बताया कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को तीन जोन में बांटकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। युवा आइएएस व जिले के मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार को दुखहरन नाथ मंदिर क्षेत्र का जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव जल ग्रहण करने वाले क्षेत्र कर्नलगंज के जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी को पृथ्वीनाथ मंदिर क्षेत्र का जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। तीनों जोन को नौ सेक्टर में विभक्त किया गया है, जहां उप जिला मजिस्ट्रेट और जनपद स्तरीय वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट सोमवार से ही अपने-अपने सेक्टर में भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सम्हालेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी चक्रवार लगाई गई है, जिससे सोमवार से लेकर मंगलवार को जलाभिषेक होने तक उनका क्षेत्र में अनवरत चक्रमण जारी रहे। दोनों मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के लिए सात-सात बैरियर लगाए गए हैं। प्रत्येक बैरियर पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं, जहां आवश्यकता के अनुरूप श्रद्धालुओं को रोका जा सके।

डीएम ने बताया कि सरयू घाट से लेकर दोनों मंदिरों के मध्य रास्ते में पड़ने वाले सभी सामुदायिक, प्राथमिक व स्वास्थ्य केन्द्रों को एलर्ट पर रखा गया है। सभी चिकित्सा कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी अस्पतालों को पूर्ण संसाधनों के साथ दिन-रात खोले रखने का निर्देश दिया जा चुका है। दोनों मंदिरों पर मेला क्षेत्र में अस्थायी चिकित्सा कैम्प लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा जिला मुख्यालय पर स्थित बाबू ईश्वर शरण सिंह जिला चिकित्सालय में मेडिकल वार्ड में ऐहतियातन बेड आरक्षित रखा गया है, जिससे किसी भी आपात कालीन स्थिति में उसका उपयोग किया जा सके। मेला क्षेत्र के अलावा रास्ते में भी जगह-जगह एम्बुलेंस खड़ी की जा रही है। सरयू नदी पर जल ग्रहण करने के समय राज्य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ) तथा पीएसी की फ्लड यूनिट को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे के साथ जिला प्रशासन ने समन्वय स्थापित करके गोंडा-लखनऊ रेलखण्ड पर चलने वाली ट्रेनों को ‘कासन’ देकर चलाने का अनुरोध किया है। बता दें कि वर्ष 2009 में सरयू नदी के पुल पर ट्रेन से कटकर 13 कांवड़ियों की मौत हो गई थी। मेला क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए लगभग 200 सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को सम्पूर्ण जनपद में स्थानीय अवकाश घोषित किया जा चुका है। इसके अलावा सोमवार को भी कांवडियों के रास्ते में पड़ने वाले विकास खण्डों कर्नलगंज, हलधरमऊ, कटरा बाजार, रुपईडीह व झंझरी के राजमार्ग के किनारे स्थित स्कूल, कालेजों तथा नगर क्षेत्र में स्थित सभी विद्यालय सोमवार को भी सुरक्षा कारणों से बंद रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिले में दो अपर पुलिस अधीक्षक व छह पुलिस उपाधीक्षक समेत एक हजार से अधिक निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दुखहरन नाथ मंदिर मेला क्षेत्र के ओवर आल प्रभारी गोंडा के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज तथा पृथ्वीनाथ मंदिर मेला क्षेत्र के ओवर आल प्रभारी बहराइच के एसपी सिटी होंगे। उन्होंने बताया कि दुखहरन नाथ मंदिर पर सीओ मनकापुर संजय तलवार तथा प्रशिक्षु महिला उपाधीक्षक शिल्पा वर्मा को सहयोग में लगाया गया है, जबकि पृथ्वीनाथ मंदिर पर सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम व सीओ सदर विनय कुमार सिंह अपने एसपी सिटी को सहयोग करेंगे। सरयू नदी पर कर्नलगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी मुन्ना उपाध्याय व तरबगंज के सीओ संसार चन्द राठी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए 27/28 अगस्त की रात से ही रूट डायवर्जन किया गया है। इसके तहत राजधानी लखनऊ से जिले में आने वाले अथवा जिले से गुजरने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। परिवर्तित व्यवस्था के अनुसार, जरवल रोड से गोंडा होकर वजीरगंज, नवाबगंज, मनकापुर, उतरौला, डुमरियागंज, बांसी की तरफ जाने वाले समस्त वाहन कर्नलगंज थाना क्षेत्र के चचरी मोड से डायवर्ट हो जाएंगे और वे भौरीगंज, परसपुर, बेलसर, तरबगंज, नवाबगंज होते हुए गन्तब्य की तरफ जाएंगे। इसी प्रकार वजीरगंज, नवाबगंज, मनकापुर, उतरौला, डुमरियागंज, बांसी की तरफ से आकर लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहन इसी मार्ग से प्रस्थान करेंगे। बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर की तरफ जाने वाले वाहन जरवल रोड से बहराइच होते हुए गन्तब्य की तरफ रवाना होंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग से लौटना होगा। उन्होंने कहा कि सरयू घाट से पृथ्वीनाथ मंदिर तथा गोंडा नगर तक दोनों मार्गों पर छोटे-बड़े समस्त वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार नगर क्षेत्र में भी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। एसपी ने बताया कि रूट डायवर्जन का आदेश आपातकालीन वाहनों पर लागू नहीं होगा। उन्होंने जिले के व्यापारियों से भी अपील किया है कि वे असुविधा से बचने के लिए 28 से 31 अगस्त के बीच अपना सामान मत मगाएं।

यह भी पढें : अस्पताल में भर्ती नवजात को किसी जीव ने बनाया निवाला
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
