Saturday, April 11, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : साढ़े छह किलो खाद्यान्न में थी 63 लोगों को भोजन...

Gonda : साढ़े छह किलो खाद्यान्न में थी 63 लोगों को भोजन कराने की तैयारी

कौशल विकास के लिए आवासीय प्रशिक्षण केन्द्र की दुर्दशा देख दंग रह गए सीडीओ

संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के लिए मिशन निदेशक को पत्र भेजने का निर्देश

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। क्या पांच किलो चावल तथा डेढ़ किलो आटे की रोटी में 88 लोगों को भर पेट खाना खिलाया जाता है? यदि कोई आपसे सवाल करे तो आप कहेंगे, नहीं। यह कैसे हो सकता है। किन्तु इस जिले में कुछ भी असंभव नहीं है। उप्र कौशल विकास मिशन योजनान्तर्गत प्रशिक्षणदाता संस्थान मे. टेक्नोहराइजन द्वारा मनकापुर विकास खण्ड के अन्तर्गत श्री परशुराम बालिका इंटर कालेज नवाबगंज रोड पर संचालित आवासीय केन्द्र पर कुछ ऐसा ही खेला हो रहा था। इसका खुलासा बीती रात जिले के युवा मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार के औचक निरीक्षण में हुआ।
दरअसल कौशल विकास मिशन के तहत जिले में कई आवासीय केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। यहां प्रशिक्षण से लेकर वर्दी, खान-पान और रहने तक की पूरी व्यवस्था सम्बंधित प्रशिक्षण संस्थान को करनी होती है। इसके लिए शासन से बाकायदा धनराशि आबंटित होती है। किन्तु अधिकांश प्रशिक्षण केन्द्रों पर फर्जीवाडा किया जाता है। इस सम्बंध में पिछले दिनों मुख्य विकास अधिकारी को कुछ संस्थाओं के बारे में शिकायत मिली थी। इस पर उन्होंने बुधवार की रात उपायुक्त स्वतः रोजगार एनवी सविता, जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी तथा उपायुक्त श्रम एवं रोजगार संतलाल के साथ श्री परशुराम बालिका इंटर कालेज मनकापुर केन्द्र का औचक निरीक्षण करते हुए मिशन द्वारा निर्धारित 31 बिन्दुओं पर सत्यापन किया। सीडीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान केन्द्र पर पंजीकृत 108 महिला प्रशिक्षणार्थियों के सापेक्ष मात्र 63 प्रशिक्षणार्थी भौतिक रूप से उपस्थित पायी गईं, जबकि पोर्टल पर 88 प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गयी थी। केन्द्र प्रभारी प्रदीप यादव अनुपस्थित प्रशिक्षणार्थियों के सम्बन्ध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। सीडीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रसोई में डेढ़ किलो आटे की रोटी, लगभग पांच किलो चावल, एक किलो आलू व आधा किलो परवल की सब्जी तथा दो किलो अरहर की दाल रात्रि भोज के लिए बनती पाई गई। प्रशिक्षणाथियों की संख्या के सापेक्ष खाद्य पदार्थ की यह मात्रा बहुत कम है। उन्होंने कहा, इसका आशय यह है कि सभी को भरपेट भोजन नहीं मिल पा रहा है। सीडीओ ने तैयार खाद्य सामग्री की गुणवत्ता खाकर जांची। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी अंसतोषजनक व अधोमानक पाई गयी। खान-पान की व्यवस्था के बारे प्रशिक्षणाथियों से पूछने पर बताया कि सुबह के नाश्ते में मात्र चाय, रोटी सब्जी, दोपहर के भोजन में दाल चावल तथा रात्रि के भोजन में यदि हम प्रशिक्षार्थियों में से कोई रोटी तैयार करता है, तो मिलती है अन्यथा संस्था द्वारा केवल दाल चावल प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षणाथिर्यों द्वारा यह भी बताया गया कि खाना खाने हेतु स्वयं का बर्तन रखना होता है। खाना खाने के बाद अपने जूठे बर्तन व कमरे की साफ-सफाई भी स्वयं करना होता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणाथियों को 02 सेट वर्दी प्रदान करने का निर्देश है। इसके सापेक्ष सभी को मात्र 01-01 सेट वर्दी दिया गया है। इसी प्रकार केन्द्र की समस्त व्यवस्थाएं अधोमानक पाईं गईं। मिशन के आवासीय मानकों के सापेक्ष व्यवस्थाओं में अनेक कमियां मिलीं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संस्था के विरुद्ध कार्यवाही प्रचलित किये जाने हेतु जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन/उपायुक्त श्रम एवं रोजगार को संस्तुति पत्र मिशन मुख्यालय को प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया गया।

Gonda : साढ़े छह किलो खाद्यान्न में थी 63 लोगों को भोजन कराने की तैयारी

यह भी पढें :  ब्लड बैंक पर STF का छापा, 301 यूनिट खून बरामद, सात गिरफ्तार

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular