Wednesday, January 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : विनोद शुक्ला ने की साइकिल की सवारी

Gonda : विनोद शुक्ला ने की साइकिल की सवारी

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। बीते विधानसभा चुनाव में जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रहे विनोद कुमार शुक्ला समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। राजधानी में पार्टी मुख्यालय पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने सपा का झण्डा थामा। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने आज यहां बताया कि बीते विधानसभा चुनाव (2022) के पूर्व भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज होकर विनोद कुमार शुक्ला ने बसपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा था। इसके बाद से ही वह लगातार भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर थे। अरशद ने कहा कि बुधवार को कटरा बाजार के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे, गोंडा सदर से पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी रहे सूरज सिंह व हलधरमऊ के पूर्व ब्लाक प्रमुख मसूद आलम खान के साथ सपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अरशद के अनुसार, विनोद शुक्ला ने सपा सुप्रीमो से कैसरगंज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त करते हुए टिकट मांगा है। सपा सुप्रीमो ने इस पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। बताते चलें कि कैसरगंज संसदीय सीट से अभी भाजपा समेत किसी भी पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं घोषित किया है। हालांकि मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह क्षेत्र में तमाम चर्चाओं के बावजूद जनसम्पर्क में जुटे हुए हैं। विनोद कुमार शुक्ला ने वार्ता के दौरान कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टियों की नीतियों से प्रभावित होकर हमने सपा की सदस्यता ग्रहण की है। बसपा में हमें घुटन महसूस हो रही थी क्योंकि बसपा सुप्रीमो भी भारतीय जनता पार्टी की ही भाषा बोल रही हैं। हम कैसरगंज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। पार्टी यदि टिकट देती है तो मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular