Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : लोकतंत्र से उठ चुका है अखिलेश का भरोसा-कृषि मंत्री

Gonda : लोकतंत्र से उठ चुका है अखिलेश का भरोसा-कृषि मंत्री

पैदल यात्रा का नाटक करके एसी कंटेनर में चलते हैं राहुल गांधी

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का कहना है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भरोसा लोकतंत्र से उठ चुका है। इसलिए वे विधानसभा की कार्रवाई में भाग न लेकर सदन के बाहर सड़क पर प्रदर्शन करते हैं। वह सोमवार की देर शाम भारतीय जनता पार्टी के अवध क्षेत्र के अध्यक्ष रहे स्व. शेष नारायण मिश्र के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जैसे नेता के लिए सड़क पर हुल्लड़बाजी शोभा नहीं देती है। ऐसा कृत्य किसी भी मर्यादित व्यक्ति के आचरण के सर्वथा विरुद्ध है। भाजपा नेता ने कहा कि जब सदन चल रहा हो, किसी भी जनप्रतिनिधि को अपनी बात सदन के अंदर रखनी चाहिए, न कि सड़क पर हुल्लड़बाजी करना चाहिए। अखिलेश यादव के चाचा तथा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव पर निशाना साधते हुए कृषि मंत्री कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को संचालित करने वाले मदरसों को सपा का हमेशा राजनीतिक संरक्षण रहा है। इसलिए इन संस्थाओं की निगरानी जैसे ही शुरू होती है, कुछ नेताओं का दर्द अचानक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि मदरसों में अक्सर अनियमितता देखने को मिलती रही है। हर स्कूल और कॉलेज का सत्यापन तो नियमित रूप से होता ही रहता है। राहुल गांधी के भारत जोड़ो पद यात्रा की चर्चा करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि इससे बड़ी-बड़ी रैलियां भाजपा के पदाधिकारी करते रहते हैं। उनकी यह यात्रा पूरी तरह से विफल रही है। राहुल गांधी कुछ देर तक पैदल यात्रा करने के बाद एसी कंटेनर से चलते हैं। इस पर आने वाले खर्चे का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी इस यात्रा से भाजपा तथा देशवासियों पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।
कृषि मंत्री ने कहा कि जिन जिलों में वर्षा कम हुई है, वहां फसलों की क्षति का आंकलन कराया जा रहा है। शासन स्तर से सभी जिलाधिकारियों से सूखा के सम्बंध में आख्या मांगी गई है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हम किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में कम बरसात हुई है, वहां के किसानों को सरसों किट उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले दिनों में उन्हें तिलहन का बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा। सोमवार की देर शाम स्व. मिश्र के आवास पर पहुंचकर कृषि मंत्री ने परिवार जनों से मुलाकात करके भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे स्व. शेष नारायण मिश्रा का पार्टी में अतुलनीय सहयोग रहा है। 35 साल तक उन्होंने भाजपा के लिए काम किया। अवध क्षेत्र में पार्टी को बढ़ाने में उनका बहुत योगदान रहा है। पार्टी उनके कार्यों को हमेशा याद रखेगी। बाद में देर रात वह राजधानी के लिए प्रस्थान कर गए।

यह भी पढें : देर रात 17 IAS अफसरों के तबादले, छह जिलों में नए CDO तैनात

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular