Friday, September 11, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : नवाबगंज हिंसा में 24 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ...

Gonda : नवाबगंज हिंसा में 24 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ 4 FIR

सीसीटीवी फुटेज से अब तक 100 से अधिक उपद्रवियों की हुई शिनाख्त

पीआरओ राकेश सिंह को प्रभारी थानाध्यक्ष बनाकर एसपी ने भेजा नवाबगंज

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के नवाबगंज थाने में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के बाद हुए उपद्रव एवं तोड़फोड़ के मामले में अब तक चार प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें 24 लोगों को नामजद करते हुए सैकड़ों अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है। सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल रिकार्डिंग के आधार पर हिंसा में शामिल 100 से अधिक लोगों की अब तक पहचान की जा चुकी है। अन्य अभियुक्तों की पहचान के लिए उपलब्ध रिकार्डिंग का परीक्षण किया जा रहा है। प्रकरण में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। एसपी के जनसम्पर्क अधिकारी रहे निरीक्षक राकेश कुमार सिंह को नवाबगंज का कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रकरण में पहली प्राथमिकी कर्नलगंज के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह द्वारा सैकड़ों अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि घटना में मृत युवक देव नरायन यादव उर्फ देवा (22) निवासी ग्राम माझा राठ के शव का पोस्टमार्टम होने के उपरान्त शांति व्यवस्था के दृष्टिकोण से शव को सुरक्षित उसके घर पहुंचाने में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। सीओ सिटी, सीओ सदर, सीओ कर्नलगंज, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात, कटरा बाजार, इटियाथोक, खरगूपुर, कौड़िया बाजार, यातायात निरीक्षक व क्यूआरटी प्रभारी भी अपने सरकारी वाहनों से मय हमराह शव के साथ-साथ चल रहे थे। गोंडा-अयोध्या राजमार्ग पर स्थित शोभापुर पेट्रोल पम्प व विद्युत उपकेन्द्र के निकट पहुंचते ही करीब दो सौ लोग, जिसमें विद्युत संविदा कर्मी, ग्राम माझा राठ व आसपास के गावों के लोग शामिल थे, शव वाहन को बीच सड़क पर रोककर राजमार्ग जाम कर दिया। शव के साथ चल रहे अधिकारियों ने जब उन्हें राजमार्ग को खाली करने के लिए समझाने बुझाने का प्रयास किया, तो उन्होंने एकराय होकर हाथ में लिए लाठी, डण्डों व ईंट पत्थरां से जान से मारने की नीयत से पुलिस बल को गालियां देते हुए दौड़ा दौड़ाकर मारना पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने सरकारी वाहनों को ईंट पत्थरां से क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया। इसके कुछ देर बाद उन्होंने पुनः शव को लाकर कोल्ड स्टोरेज तिराहा जाम कर दिया। उपद्रव व भगदड़ के दौरान कई पुलिस कर्मियों के मोबाइल फोन भी गिरकर गायब हो गये। इस घटना में प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह समेत मुख्य आरक्षी शमशाद अहमद, आरक्षी गण पुत्तू लाल वर्मा, शुभम सिंह, विनय शर्मा, महिला आरक्षी आरती रावत व रेखा भार्गव को गम्भीर चोटें आईं। साथ ही अवैध अस्त्र शस्त्रां से लैस उपद्रवियों ने शव के साथ चल रहे काफिले के लगभग सभी वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। प्रकरण में मुकदमा अपराध संख्या 370/2022 अन्तर्गत धारा 147, 148, 149, 323, 353, 332, 504, 506, 427, 341, 307 भादवि, 2/3 सार्वजनिक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम तथा सेवन क्रिमनल ला अमेंडमेंड एक्ट के तहत दर्ज कराया गया है। इसकी विवेचना निरीक्षक अरविन्द कुमार यादव को सौंपी गई है।
एसपी ने बताया कि प्रकरण में दूसरी प्राथमिकी उप निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा भादवि की धारा 147, 186, 341, 353, 504, 506 व सेवन क्रिमनल ला अमेंडमेंड एक्ट के तहत दर्ज कराई गई है, जिसमें अजीत यादव, गब्बर, बहोरे, विनोद, संतोष सिंह, गुड्डू, सोनू, लालजी को नामजद करते हुए करीब डेढ़ सौ अज्ञात महिला व पुरुष को अभियुक्त बनाया गया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक देवा के शव को उसके घर तक सुरक्षित पहुंचाने के मद्देनजर उनकी ड्यूटी लगी थी। रास्ते में कोल्ड स्टोरेज तिराहे पर आठ ज्ञात तथा लगभग डेढ़ सौ के करीब अज्ञात महिला पुरुष ने एक राय होकर तीन ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ राजमार्ग जाम कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाया। इसकी विवेचना उप निरीक्षक सुनील कुमार करेंगे। प्रकरण में तीसरी प्राथमिकी देवा के शव को लेकर गांव जा रहे एम्बुलेंस के चालक राजेश पुत्र बाबू लाल कश्यप निवासी मालवीय नगर थाना कोतवाली नगर गोंडा ने भादवि की धारा 147, 341, 427, 352, 323, 504 के तहत दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार, घटना के दिन जब वह एम्बुलेंस से शव लेकर शोभापुर गांव के समीप विद्युत उपकेन्द्र के सामने पहुंचा तो कुछ लोगों ने केबल बांधकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया तथा एम्बुलेंस रोककर तोड़फोड़ करने लगे। गाड़ी का शीशा व बाडी तोड़कर एम्बुलेंस में रखा शव निकाल लिए तथा हमलावर होकर उसे लाडी डंडों से मारने पीटने लगे। एम्बुलेंस को गड्ढे में पलट दिये। प्रकरण में कृष्ण कुमार यादव, संतोष, शुभम्, सोनू यादव को नामजद करते हुए करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक पवन कुमार गिरि को सौंपी गई है। इस सम्बंध में चौथी प्राथमिकी उप निरीक्षक पवन कुमार गिरि ने दर्जन भर लोगों को नामजद करते हुए करीब 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भादवि की धारा 147, 336, 427, 341, 504, 506, 352, 323, 283, 353, 332 व सेवन क्रिमनल ला अमेंडमेंड एक्ट के तहत दर्ज कराई है। प्राथमिकी में कहा गया है कि घटना के दिन शांति व्यवस्था के लिए उनकी ड्यूटी शोभापुर पेट्रोल पम्प के पास लगायी गयी थी। इस बीच अचानक मौके पर पहुंचे दिनेश यादव, पंच बहादुर यादव, ऋषि सिंह, श्रीपति यादव, बहोरे निषाद, विनोद यादव, शुभम, कृष्ण कुमार यादव, डल्ले गुप्ता, गुड्डू यादव, आशाराम व बादशाह की अगुवाई में करीब 40 अज्ञात व्यक्तियों ने एक राय होकर ईंट व पत्थर से ड्यूटी में आये अधिकारियों के वाहनों एवं एम्बुलेंस को तोड़ने लगे। मना करने पर गाली गुप्ता देते हुए मारने पीटने के लिए दौड़ा लिए तथा जान से मारने की धमकी भी दिये। उपद्रवियों ने पेट्रोल पम्प पर भी तोड़फोड़ किया। इस अभियोग की विवेचना भी निरीक्षक अरविंद यादव को सौंपी गई है।
बता दें कि थाने में पिछले दिनों हुई एक झोलाछाप डाक्टर की हत्या के मामले में पूछताछ के लिए थाने लाए गए बिजली विभाग में संविदा लाइन मैन के रूप में कार्यरत युवक देव नारायण यादव उर्फ देवा की पूछताछ के दौरान अचानक तबियत खराब हो गई थी। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों, उसके सह कर्मियों व सैकड़ों ग्रामीणों ने उसका शव रखकर गोंडा-अयोध्या राजमार्ग जाम करते हुए जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ किया था। प्रकरण में कार्रवाई करते हुए एसपी ने आरोपी प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह, तीन आरक्षियों व कई अन्य अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाते हुए प्रभारी निरीक्षक व एसओजी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया था। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज के रिक्त पद पर जनसम्पर्क अधिकारी राकेश कुमार सिंह को अस्थायी तैनाती दी है।

Gonda : नवाबगंज हिंसा में 24 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ 4 FIR

यह भी पढें : उत्तेजित ग्रामीणों ने राजमार्ग पर किया प्रदर्शन-तोड़फोड़, मुकदमा दर्ज

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular