Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : नवाबगंज के SHO व SOG प्रभारी निलंबित, SHO पर हत्या...

Gonda : नवाबगंज के SHO व SOG प्रभारी निलंबित, SHO पर हत्या की FIR

बुधवार को पुलिस हिरासत में हो गई थी एक युवक की मौत

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के मामले में नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मृत युवक के पिता राम बचन यादव की तहरीर पर प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ हत्या का अभियोग का दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने गुरुवार की सुबह यह जानकारी देते हुए बताया कि गोंडा जिले के नवाबगंज थाने में एक हत्या के मामले में पूछताछ के लिए थाने लाए गए युवक देव नारायण यादव उर्फ देवा (22) की बुधवार को पूछताछ के दौरान अचानक तबियत खराब हो गई थी। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस पर मृतक के परिजनों ने हंगामा करते हुए प्रभारी निरीक्षक पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ अभियोग दर्ज कराए जाने की मांग की थी। एसपी ने बताया कि मृतक युवक के पिता की तहरीर पर नवाबगंज थाने में प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह के खिलाफ भादवि की धारा 302 के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। शव का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दर्ज अभियोग की निष्पक्ष विवेचना की जाएगी। एसपी ने बताया कि इसके साथ ही प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह और एसओजी प्रभारी अमित यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता द्वारा भरे गए पंचनामा में भी युवक के शरीर पर चोट के कोई प्रत्यक्ष निशान नहीं पाए गए हैं।
बता दें कि नवाबगंज थाने में बीते सात सितंबर को एक झोला छाप डॉक्टर की हत्या हो गई थी। इस घटना के अनावरण के लिए एसपी ने एसओजी को भी लगाया था। बुधवार को एसओजी की टीम नवाबगंज थाने पहुंची थी और उसने पूछताछ के लिए माझा राठ निवासी बिजली विभाग में संविदा पर लाइन मैन के रूप में कार्यरत देव नारायण यादव उर्फ देवा को नवाबगंज थाने पर बुलवाया था। थाने के प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह के निर्देश पर युवक के पिता अपने बड़े भाई और ग्राम प्रधान दामाद के साथ युवक को लेकर बुधवार को दिन में तीन बजे थाने पहुंचे थे और प्रभारी निरीक्षक को सौप दिया था। बाद में पांच बजे उन्हें बताया गया कि पूछताछ के दौरान देवा की तबियत खराब हो गई थी और उसे जिला चिकित्सालय ले जाया जा रहा है। परिजनों के शाम को अस्पताल पहुंचने पर युवक वहां नहीं मिला। रात करीब आठ बजे उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस पर परिजनों ने हंगामा किया था।

यह भी पढें :   पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक की संदिग्ध मौत

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular