Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : धान खरीद न होने से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया...

Gonda : धान खरीद न होने से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

गोंडा (हि.स.)। धान क्रय केंद्रों पर धान न खरीदे जाने से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विकास खंड कार्यालय में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कटरा विधायक बावन सिंह व एसडीएम सदर को सौंपा। 
विकासखंड रुपईडीह में दोपहर बाद ब्लॉक मुख्यालय पर जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्रय केंद्रों पर धान खरीद न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन विरोधी नारे लगाए। भाजपा के मंडल अध्यक्ष रमाकांत मिश्र ने कहा कि क्रय केंद्रों पर किसानों का धान नहीं तौला जा रहा है। किसान बिचौलियों के हाथ धान बेचने को मजबूर हैं। इसके लिए उन्हें कुछ भी करना पड़े वह करेंगे। प्रशासन चाहे तो मुकदमा लिख कर जेल भी भेज दे। वह किसानों की दुश्वारियां को देखते हुए पीछे हटने वाले नहीं हैं। 
एसडीएम व क्षेत्राधिकारी सदर ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसडीएम ने धरने में शामिल किसानों से अपील करते हुए कहा कि वह धान को साफ सुथरा कर किसी भी क्रय केंद्रों पर ले जाएं। यदि उन्हें कोई समस्या होती है तो तत्काल उन्हें सूचित करें। उनका धान खरीदा जाएगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular