जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बीती रात अपनी दुकान पर सो रहे एक झोला छाप डॉक्टर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र का मूल निवासी राजेश चौहान (32) गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर माझा गांव के चौहान पुरवा स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। आजीविका के लिए वह अपंजीकृत चिकित्सक के रूप से लोगों का इलाज किया करता था। बीती रात वह अपने घर से करीब 500 मीटर दूर क्लीनिक के बाहर चौकी पर सो रहा था। इस बीच रात करीब एक बजे के आसपास अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर मकान मालकिन गुड़िया जब बाहर निकली, तब तक हमलावर गला रेतकर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के ससुर हरिश्चंद ने बताया कि उनके तीन बेटियां हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी सुनीता की शादी करीब 14 वर्ष पूर्व राजेश से हुई थी। सुनीता और राजेश से अंजिली, राहुल, अर्चना, आयुष नमक दो बेटे व दो बेटियां हैं। वह जनवरी 2022 से अपने वृद्ध ससुर की देखरेख करने के लिए अपने गांव से ससुराल आ गया था और यहीं पर रह रहा था। हरिश्चंद के नाम कुल पांच बीघा जमीन है। सीओ तरबगंज संसार चंद राठी ने बताया कि प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस हत्या के तीन महत्वपूर्ण पहलुओं जर, जोरू और जमीन को केंद्र में रखकर जांच कर रही है।

