सड़क सुरक्षा मेले में ओवर आल चैम्पियन रहे स्कूल में प्रमाण पत्र वितरित करने पहुंचे थे एएसपी शिवराज
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। अपने जीवन में सफल होने के लिए बड़ा लक्ष्य तय करें। उसे पाने के लिए एक रोड मैप तैयार करके उस पर पूरे मन एवं लगन से काम करें। असफल होने की दशा में लक्ष्य बदलने के बजाय मेहनत करने का तरीका बदलें। यदि विद्यार्थी जीवन से ही आपने इन सूत्रों पर अमल करना शुरू कर दिया तो लक्ष्य की प्राप्ति करने से कोई रोक नहीं सकता। यह बात जिले के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने मंगलवार को आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त इंद्रा इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में कही। वह यातायात माह के दौरान बीते रविवार को गांधी पार्क में आयोजित पुलिस विभाग द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा मेले में ओवर आल चैम्पियन रहे इस विद्यालय के प्रतिभागी बच्चों को विभाग की तरफ से प्रमाण पत्र वितरित करने पहुंचे थे।

अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि छोटी सोच द्वारा कभी बड़े लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सकता है। इसलिए सफलता की पहली कुंजी है कि हम अपनी अभिरुचि के अनुसार बड़ा लक्ष्य तय करें। आपके सपने की एक स्पष्ट तस्वीर आपके दिमाग में होनी चाहिए। उस लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत करने का एक रोड मैप अवश्य होना चाहिए। समय प्रबंधन इस दिशा में बहुत महत्वपूर्ण है। इसके बाद भी यदि समय पर हमें अपेक्षित सफलता नहीं मिलती है, तो लक्ष्य बदलने के बजाय मेहनत करने का तौर-तरीका बदलने पर विचार करना चाहिए। यह मानकर चलने की जरूरत है, कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जितना मेहनत किया जाना चाहिए, वह अभी नहीं हो रहा है। उन्होंने बच्चों को पढ़ने के साथ ही स्वस्थ शरीर के लिए खेलने पर भी ध्यान देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में इन्द्रा इंटरनेशनल स्कूल के ओवर आल चैम्पियन बनने पर प्रधानाचार्य को बधाई देते हुए कालेज के अनुशासन एवं शिक्षण पद्धति की सराहना की।

बता दें कि इन्द्रा इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने मेले में आयोजित चार में से तीन प्रतियोगिताओं क्विज, पोस्टर व भाषण में प्रथम स्थान प्राप्त कर कालेज को शीर्ष पर पहुंचाया था। एएसपी ने क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कालेज के छात्र यथार्थ तिवारी को ‘स्मार्ट वाच’ व प्रमाण पत्र, भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सुप्रिया तिवारी व पोस्टर प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम, तृतीय व चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली वैष्णवी सिंह, आकांक्षा सिंह व आराध्या श्रीवास्तव समेत सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस मौके पर कालेज के प्रबंधक मनोज त्रिपाठी व प्रधानाचार्य एच. मोलाय ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस मौके पर मि. इमैनुअल, ज्योर्तिमय, पीयुष पटेल, प्रभाकरन, अनुज आर्चर, असित श्रीवास्तव, मो. इमरान, विल्सन, अमन डेविड, सैयद अहमद, सोनाली उपाध्याय, अजय आदि उपस्थित रहे।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
