Friday, March 6, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

डीएम ने लिया फसलों से नुकसान का जायजा

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने मंगलवार को तहसील तरबगंज अंतर्गत ग्राम दुल्लापुर, मल्लाहन पुरवा, दुर्गागंज में बाढ़/अतिवृष्टि से हुई फसलों व मकानों के नुकसान का आंकलन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तरबगंज शत्रोहन पाठक, एसओ नवाबगंज राकेश सिंह, राजस्व निरीक्षक दुल्लापुर, लेखपाल दुल्लापुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

अवैध गांजे के साथ युवक गिरफ्तार

जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने मादक पदार्थ से साथ युवक को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान बच्छराज शिल्पकार निवासी ग्राम पंचायत देवतहा को पकड़ा गया। आरोपी के पास एक किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने किया दुकानों का निरीक्षण

आगामी दीपावली पर्व में आम जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस हेतु अभिहित अधिकारी विनय सहाय के साथ जनपद के कई स्थानों पर छापामार कार्यवाही तथा जागरूकता अभियान चलाया गया। बहराइच रोड से दूध का नमूना, गुड्डूमल चौराहे से आइसक्रीम का नमूना, मन्नीपुर खोरहंसा से सोहन पापड़ी का नमूना, डुमरिया डीह से ड्राई फ्रूट का नमूना तथा सिविल लाइन से दूध का नमूना भरा गया है। शिकायत मिलने पर संदेह के आधार पर तीन गत्ता आइसक्रीम, 45 लीटर दूध तथा तीन पैकेट चाय की पत्ती नष्ट कराई गई है। दुकानदारों तथा उपभोक्ताओं को जगह जगह शुद्ध खाद्य पदार्थ बेचने तथा खरीदने हेतु जागरूक भी किया जा रहा है। झूले लाल धर्मशाला में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ व्यापार संघों तथा खुदरा कारोबार कर्ताओं की जागरूकता बैठक भी आयोजित की गई। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार,युगल किशोर,जय प्रकाश तथा संतोष कुमार उपस्थित रहे।

जुलाई से लगातार अनुपस्थित शिक्षक निलम्बित

कटरा बाजार शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय मेहरबानाबाद द्वितीय में तैनात सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार गोस्वामी को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। अखिलेश कुमार जुलाई से लगातार गैर हाजिर चल रहे थे। उन्हें निलंबन की अवधि में उसी विद्यालय में संबद्ध किया गया है। बीएसए ने बताया कि सहायक अध्यापक के जुलाई से लगातार विद्यालय नहीं आने की सूचना पर उपस्थिति पंजिका चेक की गई तो उस पर कई जगह ओवर राइटिंग मिली। विद्यालय का शैक्षिक माहौल खराब करने, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच बीईओ मुख्यालय राम खेलावन सिंह को सौंपी गई है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

जेल में निरुद्ध कैदियों को बताए गए उनके अधिकार

जनपद न्यायाधीश रविन्द्र कुमार प्रथम के निर्देशानुसार जिला कारागार में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विश्व जीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सचिव ने बताया कि जेल में निरूद्ध विचाराधीन बन्दियों के अधिकारों की बात प्रत्येक स्तर पर होती रही है। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्तियों ने अपने कई निर्णयों में सजायफ्ता और विचाराधीन कैदियों के अधिकारों के बारे में उल्लेख किया है। विचाराधीन कैदी या फिर सजायाफ्ता कैदी के अधिकार जेल में भी बने रहते हैं और कानून के हिसाब से ही उनके अधिकारों पर अंकुश लगाया जा सकता है। आपराधिक विधि के अन्तर्गत किसी भी व्यक्ति को तब तक दोषी नही माना जा सकता, जब तक कि न्यायालय आरोपी को दोषी नही मानता। जब भी किसी व्यक्ति के विरूद्ध कोई आरोप लगाया जाता है तो वह मात्र आरोपी होता है। ऐसे में उसे यह संवैधानिक अधिकार है कि उसे अपने बचाव का मौका मिले। इस सन्दर्भ में संविधान के अनुच्छेद-22 में मूल अधिकार है कि प्रत्येक आरोपी को बचाव का मौका दिया जाए। इसके तहत अदालत का कर्तव्य है कि जब भी कोई आरोपी अदालत में पेश हो तो वह उससे पूछे कि क्या उसे वकील चाहिए ? वकील न होने पर अदालत आरोपी को सरकारी खर्चे से वकील मुहैया कराती है। विधिक साक्षरता शिविर में सचिव द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता के सन्दर्भ में सांविधानिक उपबन्ध, दण्ड प्रक्रिया संहिता में वर्णित उपबन्ध व माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिये गये अद्यतन निर्णयों पर भी विस्तृत रूप से जानकारी दिया गया। इस अवसर पर जिला कारागार के जेलर शिव प्रताप मिश्र, डिप्टी जेलर हरी प्रसाद मिश्र, शैलेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

सड़क पर खड़ा ट्रक हो गया चोरी

जिले के कोतवाली देहात अन्तर्गत बनकटवा ईदगाह के पास खड़ा ट्रक बीती रात गायब हो गया। सीसीटीवी फुटेज की सहायता से पुलिस खोजबीन कर रही है। दौलतपुर निवासी अब्दुल वहीद ने बताया कि उनका ट्रक उम्मेद जोत ग्राम पंचायत के बनकटवा ईदगाह के पास खड़ा था। बीती रात ट्रक गायब हो गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि रात करीब डेढ़ बजे दो लोग ट्रक ले गए हैं। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी है।

अभियान चला कर मुक्त कराये गये चार बाल श्रमिक

उत्तर प्रदेश के श्रमायुक्त के आदेश तथा जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सहिबापुर, दर्जीकुंआ, चौक बाजार आदि स्थानों पर छापे मारकर कुल चार बालक श्रमिकों को मुक्त कराया गया। तीन किशोरों से काम लेने वाले सेवायोजकों के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणी जारी कर आवश्यक कार्यवाही की गई। 14 वर्ष से कम उम्र के अवमुक्त कराए गए बच्चों का कोविड टेस्ट, आयु व चिकित्सकीय परीक्षण कराकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यह जानकारी देते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी योगेश दीक्षित ने बताया कि खतरनाक प्रक्रिया के अंतर्गत दोषी पाए जाने वाले सेवायोजकों के विरुद्ध दो वर्ष तक की सजा या 50,000 तक का जुर्माना या दोनों से दण्डित किया जा सकता है। गैर खतरनाक प्रक्रिया के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर सेवायोजक को एक माह तक की सजा या 10,000 तक जुर्माना या दोनों से दण्डित किया जा सकता है। यदि कोई माता पिता भी अपने बच्चों को व्यवसायिक कार्य में संलग्न करेगा तो उनके विरूद्ध भी दंडात्मक कार्यवाही अपनाई जायेगी। उन्होंने सभी जनपद वासियों से अनुरोध किया है कि 18 वर्ष से कम उम्र के बालकों वा किशोरों से काम न लें। उन्हें स्कूल जाने में मदद करें तथा एक बेहतर समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। रेस्क्यू अभियान में नया सवेरा योजना से टीआरपी चंद्रेश यादव, चाइल्ड लाइन से कोआर्डिनेटर आशीष मिश्रा, टीम सदस्य विश्वनाथ तिवारी, एएचटीयू से प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार, उपनिरीक्षक राम किशोर प्रसाद, मुख्य आरक्षी गौचरन, रामजीत यादव, नीलम व विशेष किशोर इकाई से बबिता सिंह व सरिता, श्रम विभाग से अहमद व अनूप यादव आदि मौजूद रहे।

दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज

परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे अजब के इंद्रपाल पुरवा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में एक पक्ष की गुड़िया और उसका पति जगजीवन लोध और दूसरे पक्ष के लल्लन घायल हुए हैं। पुलिस ने चोटिलों का डाक्टरी कराने के साथ पांच लोगों के विरुद्ध द्विपक्षीय मारपीट व जानमाल की धमकी दिए जाने का केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर समशेर बहादुर सिंह ने बताया गुड़िया की ओर से पति-पत्नी लल्लन व फूलन पर व लल्लन की ओर से राजेश, जगजीवन व सूरज पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

मादक पदार्थ तस्कर को दो वर्ष की सजा

जिले की एक अदालत ने मादक पदार्थ तस्कर को एक वर्ष का सश्रम कारावास व 11 हजार रुपए अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। जानकारी के अनुसार, छपिया थाने की पुलिस ने 22 जून 2021 को मादक पदार्थ तस्कर मुकेश यादव को 01 किलो 90 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। सत्र परीक्षण के दौरान विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) ने आरोपी को दोषी करार देते हुए एक वर्ष का सश्रम कारावास व 11 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि सजा दिलाने में मॉनिटरिंग सेल व थाना छपिया के पैरोकार मुख्य आरक्षी भोला नाथ की प्रभावी भूमिका रही।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

लड़की को भगाने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

जिले के मनकापुर थाने की पुलिस ने बहला-फुसलाकर एक लड़की को भगा ले जाने के वांछित अभियुक्त विशाल तिवारी पुत्र ओमकार तिवारी निवासी सरई टोला छिन्दा थाना केवलारी जनपद सिवनी मध्यप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के खिलाफ लड़की के पिता द्वारा स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 363, 366 के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था। स्थानीय पुलिस द्वारा मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की गयी।

मां की गोद से छूटी बच्ची की मौत

पति के साथ बाइक से बाजार जा रही महिला के गोद से अचानक सड़क पर गिरी दुधमुंही बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कटरा बाजार थाना क्षेत्र के नकहा गांव निवासी हनुमान अपनी पत्नी और डेढ़ महीने की बच्ची को लेकर कटरा बाजार जा रहे थे। कटरा-चौरी मार्ग पर संमदरियन पुरवा गांव के पास बाइक अनियंत्रित हो गई। परिणाम स्वरूप बाइक के पीछे बैठी उसकी पत्नी की गोद से डेढ़ महीने की दुधमुही बच्ची छूट कर गिर गई। बीच सड़क पर गिरने से बच्ची को काफी चोट आई। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार लाया गया, जहां प्रभारी अधीक्षक डा. अमित कुमार ने मृत घोषित कर दिया।

ड़कैती के जुर्म में सात वर्ष की सजा

जिले की एक अदालत ने डकैती अभियुक्त को दोषी करार देते हुए 07 वर्ष के कठोर कारावास व 5,000 रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक ड़कैती की घटना में श्रीराम पुत्र जवाहर निवासी बिहुरी खोदनापुर थाना परसपुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में विवेचक ने आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र प्रेषित किया। सत्र परीक्षण के दौरान अपर एवं सत्र न्यायाधीश ने अभियुक्त को दोषी करार देते हुए 07 वर्ष के कठोर कारावास व 5,000 रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। अभियुक्त को सजा दिलाने में मॉनिटरिंग सेल व थाना कर्नलगंज के पैरोकार आरक्षी अनूप शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लूट की फर्जी सूचना देने वाला गिरफ्तार

जिले के इटियाथोक थाने की पुलिस ने लूट की फर्जी सूचना देने वाले को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि आपसी विवाद में 112 नंबर पर अमरनाथ पांडेय, जगन्नाथ पांडेय, निवासी ग्राम खुटपिपरा थाना खरगूपुर झब्बू लाल और पूरन सोनकर निवासी गण हरदैंया भटपुरवा ने लूट की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तहकीकात की तो मामला आपसी विवाद का निकला। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

मादक पदार्थ तस्कर को दो वर्ष की सजा

जिले की एक अदालत ने मादक पदार्थ तस्कर को 02 वर्ष का सश्रम कारावास व 14,500 रुपए अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। जानकारी के अनुसार, खरगूपुर थाने की पुलिस ने 22 मई 2021 को मादक पदार्थ तस्कर धर्मेन्द्र शिल्पकार पुत्र जगप्रसाद निवासी पटेल नगर थाना मनकापुर को अवैध नशीली गोलियां के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सत्र परीक्षण के दौरान विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 02 वर्ष का सश्रम कारावास व 14,500 रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि सजा दिलाने में मॉनिटरिंग सेल व थाना खरगूपुर के पैरोकार आरक्षी राहुल यादव की प्रभावी भूमिका रही।

सड़क हादसे में युवक की मौत

गोंडा बहराइच मार्ग पर आर्यनगर के छितौनी पेट्रोल पंप के पास बीती रात हुए एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। आर्यनगर के चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि कौड़िया थाना क्षेत्र में गोंडा-बहराइच मार्ग पर छितौनी पेट्रोल पंप के पास बाइक से दो लोग आर्यनगर की तरफ आ रहे थे। पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने ठोकर मारी थी। परिणाम स्वरूप बाइक दोनों युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करने के बाद एक युवक को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दीप नारायण (32) पुत्र रामबरन निवासी बभनी सराय थाना खरगूपुर के रूप में हुई है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

बोलेरो की टक्कर से दो छात्राएं गंभीर

गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित श्री कुंज बिहारी स्मारक इण्टर कॉलेज सुभागपुर की कक्षा 10 की दो छात्राओं को पर मंगलवार को तेज़ रफ़्तार बोलेरो ने टक्कर मार दिया। परिणाम स्वरूप वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें स्थानीय लोगां की मदद से आनन फानन में विद्यालय के स्टाफ द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरी कृपाल में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुये उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। कक्षा 10 की छात्रा सरिता पाण्डेय (15) पुत्री राम बहादुर पाण्डेय तथा रोली (15) पुत्री सियाराम पाण्डेय उस समय हादसे का शिकार हो गई जब दोनों सड़क पार कर रही थीं।

सड़क हादसे में छात्रा जख्मी

नकहा बसंत गांव निवासी कक्षा दस की छात्रा अनुष्का पाठक पुत्री बृजेश कुमार पाठक को स्कूल जाते समय अज्ञात बोलेरो गोंडा लखनऊ हाइवे पर स्थित परसागोड़री के हनुमान मंदिर के पास जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। इलाज के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। छात्रा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

गोस्वामी तुलसीदास विद्यालय में तुलसी संगोष्ठी

गोस्वामी तुलसीदास विद्यालय रामपुर धोबियाहार जनपद बहराइच में आयोजित तुलसी संगोष्ठी में तुलसी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों के समक्ष इस बात पर बल दिया गया कि गोस्वामी तुलसीदास की वास्तविक जन्मभूमि अयोध्या के समीप राजापुर सूकरखेत जनपद गोंडा के साथ ही गोस्वामी जी का ननिहाल भी दधिवल कुंड दहौरा भिलौराबास विकास खंड फखरपुर जनपद बहराइच में स्थित है। इस अवसर पर अनेक स्थानों से पधारे शिक्षक गण तथा विद्यालय के प्रबंध समिति के सदस्य गण उपस्थित थे। प्राचार्य रामहर्ष शर्मा ने कहा कि शिक्षण संस्थाओं में अब असली तुलसी जन्मभूमि और ननिहाल का उल्लेख किया जाना चाहिए। इसके साथ ही विद्यालय के विकास की चर्चा की गई। डॉ. स्वामी भगवदाचार्य अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सनातन धर्म परिषद ने अध्यक्षता की।

पागल सियार के काटने से मौत

कौड़िया थाना क्षेत्र के बौनापुर निवासी पदम नाथ शुक्ला की पागल सियार के काटने से आज मौत हो गई। बताया जाता है कि पिछले दिनों उन्हें एक पागल सियार ने काट लिया था, जिसमे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में दिखाया गया था। उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन भी लगा था। दो दिन पूर्व अचानक उनकी तबियत खराब होने पर मेडिकल कालेज लखनऊ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

दहेज उत्पीड़न में तीन नामजद

परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कड़रू निवासिनी एक महिला की तहरीर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व मारपीट के मामले में तीन लोगों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उर्मिला सिंह पत्नी सूर्यदेव सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उसकी पुत्री प्रिंसी का विवाह नन्दौर (चौहान पुरवा) निवासी बब्बू सिंह के साथ सन् 2015 में किया गया था। पीड़िता द्वारा अपने हैसियत के मुताबिक दान-दहेज देकर बेटी को विदा किया था। कुछ दिन व्यतीत होने के पश्चात ससुराली जनों द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। फिर एक दिन उसकी पुत्री प्रिंसी से ससुराल वालों ने दो लाख रुपये नगदी की माँग किया। प्रिंसी ने इस बात से अपने मायके वालों को अवगत कराया। इस पर उसकी माँ ने दो लाख रुपये की मांग पूरी कर पाने में असमर्थता जताई। ससुराली जनों ने एकराय होकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते हुए मारपीट कर घर से भगा दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर नन्दौर चौहान पुरवा निवासी दामाद बब्बू सिंह, समधन सुनीता व दामाद के छोटे भाई मनीष सिंह पर दहेज उत्पीड़न व मारने पीटने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित

कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत बाढ़ से आच्छादित इलाके में जहाँ प्रशासन और राजनेता बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद कर अपनी जिम्मेदारी निभाने के दावे कर रहे हैं तो वहीं गांवों के कुछ युवा निःस्वार्थ भाव से बाढ़ पीड़ितों की मदद में लगे हुए हैं। ऐसा समाज के हर वर्ग को करना भी चाहिए। ग्राम नारायनपुर मांझा में बाला जी फाउंडेशन के साथ मिलकर मयंक दूबे, विशाल सिंह, संजय तिवारी तथा राहुल दूबे सहित अन्य कई युवाओं ने बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात कर उन्हें राहत सामग्री वितरित की ।

यह भी पढें : अनियंत्रित कार से कुचलकर सगी बहनों समेत तीन की मौत

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक

RELATED ARTICLES

Most Popular