जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत सहिबापुर गांव में बीती रात एक महिला की हत्या किए जाने का समाचार है। प्रकरण में मृत महिला के ससुर की तरफ से उसके चचेरे देवर के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सहिबापुर गांव की निवासी सुनीता देवी (33) पत्नी अजय चौहान का उसी के चचेरे देवर मोहन चौहान के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। परिणाम स्वरूप देवर ने भाभी का गला दबा दिया। दम घुटने से सुनीता की मौत हो गई। प्रकरण में मृत महिला के ससुर की तहरीर पर मोहन चौहान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अभियोग दर्ज किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी तरबगंज संसार सिंह राठी, थाना व चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। एसओजी, डाग स्क्वायड और फील्ड यूनिट के सहयोग से साक्ष्य संकलत किया गया। थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं।
यह भी पढें : अब कहीं भी खड़े नहीं होंगे ठेले, पटरी दुकानों के लिए भी जगह तय

महत्वपूर्ण सूचना
गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
