Gda : गैंग रेप का आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता

गोंडा। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की पुलिस ने एक गैंगरेप के मामले में जिले के मनकापुर नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे सतीश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। गैंग रेप का आरोप लगाने वाली महिला को झाड़ फूंक के बहाने बरेली ले जाया जा रहा था।
मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि स्थानीय थाना क्षेत्र की एक महिला को गत वर्ष 31 मार्च को झाड़ फूंक कराने के बहाने सतीश गुप्ता और उनके तीन अन्य साथी बरेली ले जा रहे थे। बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में टिसुआ बाजार के पास रात करीब आठ बजे आरोपियों ने चौपहिया गाड़ी रोक दी और एक अन्य बाबा से मिलने का बहाना बनाया। आरोप के अनुसार, अभियुक्तों ने उसे और उसके पति को गाड़ी से नीचे उतारा और तमंचे की नोक पर धमकाकर सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। हो हल्ला सुनकर स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी फरार हो गये। महिला की शिकायत पर स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने आरोपियों को सम्मन जारी कर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने को कहा। उपस्थित न होने पर उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया। इस पर बरेली पुलिस शनिवार को मनकापुर पहुंची और आजाद नगर मोहल्ला निवासी सतीश गुप्ता को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि बरेली पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी है। घटना में नामजद किए गए तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!