Wednesday, January 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाराजा आनंद सिंह को हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई

राजा आनंद सिंह को हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई

यूपी टाइगर के जाने से गोंडा की राजनीति में छाया शोक

राजा आनंद सिंह की चिता को पूरे राजकीय सम्मान के साथ बेटे कीर्तिवर्धन सिंह ने दी मुखाग्नि

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। पूर्वांचल की राजनीति में ‘यूपी टाइगर’ के नाम से मशहूर पूर्व सांसद आनंद सिंह का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रविवार की देर रात लखनऊ स्थित आवास पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। सोमवार की सुबह निधन की खबर फैलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

पूर्व सांसद आनंद सिंह के पार्थिव शरीर को आज सुबह 11 बजे मनकापुर स्थित पैतृक आवास मनकापुर कोट लाया गया। यहां करीब चार घंटे तक आमजन के दर्शनार्थ रखा गया। हजारों लोगों ने पहुंचकर अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन किए। दोपहर तीन बजे लगभग एक किलोमीटर लंबी शव यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और ’यूपी टाइगर’ को अंतिम विदाई दी।

अंत्येष्टि स्थल पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी गई। करीब 3ः30 बजे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई और शाम चार बजे बेटे तथा केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस भावुक क्षण में उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

आनंद सिंह का जन्म चार जनवरी 1939 को मनकापुर रियासत के राजा राघवेंद्र प्रताप सिंह के घर हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ के केल्विन तालुकेदार स्कूल में हुई, इसके बाद एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट इलाहाबाद (अब प्रयागराज) से बीएससी किया। विवाह बाराबंकी जिले की कोटवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहीं बिंदुमती देवी की पुत्री वीणा सिंह से हुआ। उनके तीन बेटियां निहारिका, राधिका और शिवानी राय तथा एक पुत्र कीर्तिवर्धन सिंह हैं।

यह भी पढें: पूर्व सांसद आनंद सिंह उर्फ अन्नू भैया का निधन

राजा आनंद सिंह को हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई
बेटे कीर्तिवर्धन सिंह ने दी मुखाग्नि

आनंद सिंह के राजनीतिक सफर की शुरुआत पिता राघवेंद्र प्रताप सिंह के निधन के बाद हुई। 1964, 1967 और 1969 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए। 1971 में कांग्रेस के टिकट पर गोंडा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। 1980, 1984 और 1989 में भी गोंडा से लोकसभा पहुंचे। 1991 और 1996 में हार के बाद उन्होंने संसदीय राजनीति से दूरी बना ली। 2012 में सपा के टिकट पर गौरा विधानसभा सीट से विधायक बने और अखिलेश यादव की सरकार में कृषि मंत्री रहे।

मनकापुर रियासत के राजा आनंद सिंह को पूरे पूर्वांचल में यूपी टाइगर के नाम से जाना जाता था। उनके प्रभाव का अंदाजा इसी से लगाया जाता था कि पार्टी उन्हें ब्लैंक सिम्बल देती थी और वे जिसे चाहते, उसे प्रत्याशी बना देते थे। सोमवार को अंतिम संस्कार में प्रदेश और जिले के कई दिग्गज नेता शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि यह केवल गोंडा नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वह अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने आनंद सिंह के व्यक्तित्व को सरल और प्रभावशाली बताते हुए कहा कि वे सभी राजनीतिक दलों में सम्मानित थे।

यह भी पढें: पांच बार के सांसद राजा भैया बने मंत्री

राजा आनंद सिंह को हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई
राजा आनंद सिंह के अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब

अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे समाजवादी सरकार में साथ मंत्री रहे। उनका व्यवहार और कार्य हमेशा प्रेरणा देने वाला रहा। अवधेश प्रसाद ने बताया कि सुबह सात बजे ही अखिलेश यादव ने फोन कर अंतिम संस्कार में शामिल होने की बात कही थी और उन्होंने आश्वासन दिया था कि वे भी शोक संतप्त परिवार से मिलने जल्द पहुंचेंगे।

पूर्व सांसद आनंद सिंह के अंतिम संस्कार में गोंडा-बलरामपुर से विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, बलरामपुर सदर विधायक पलटू राम, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, कर्नलगंज विधायक अजय कुमार सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा समेत जिले के तमाम जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

गोंडा की राजनीति में आनंद सिंह के योगदान को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा भावनात्मक जुड़ाव था। अंतिम दर्शन के दौरान लोग फफक-फफक कर रोते दिखे। उनके निधन से पूर्वांचल में राजनीतिक शून्यता पैदा हो गई है, जिसे भर पाना मुश्किल माना जा रहा है।

यह भी पढें: जब होमगार्ड ने रोका DM-SSP का रास्ता! जीता अफसरों का दिल

राजा आनंद सिंह को हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई
मनकापुर कोट में मौजूद जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी गण।

पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से .. तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular