पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा-बिना पैसा दिए नहीं होता कोई काम
प्रादेशिक डेस्क
कानपुर। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री और कानपुर मंडल के प्रभारी जितिन प्रसाद ने शुक्रवार को फर्रुखाबाद स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीएम व एसएसपी के सामने ही पुलिस और प्रशासन के कार्यप्रणाली की जमकर बखिया उधेड़ी। कई कार्यकर्ताओं ने रिपोर्ट करने जाने पर स्वयं उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिए जाने की शिकायत की। जनप्रतिनिधियों की लिखित सिफारिश के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। यहां बिना पैसा दिए कोई काम नहीं होता है। हालांकि इस दौरान सांसद और विधायक चुप्पी साधे रहे।
बैठक की शुरुआत में ही मंत्री ने प्रदेश में दोबारा भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। इतना सुनते ही एक साथ कई ओर से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने शुरू हो गए। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक शैलेंद्र सिंह राठौर ने शुरुआत ही पुलिस पर वसूली के खुले आरोपों से की। उन्होंने कहा काम सही हो या गलत, पुलिस बिना पैसा लिए कुछ करती ही नहीं है। बरेली इटावा हाईवे के गड्ढों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस सड़क से एंबुलेंस तक गर्भवती महिला को लेकर गुजरने से कतराती है। कायमगंज बाईपास से आने के लिए दो-सौ मीटर के फासले पर दो-दो रेलवे क्रांसिंग होने की समस्या बताकर ओवर ब्रिज की मांग की। बढ़पुर पश्चिम के मंडल अध्यक्ष शेर सिंह शाक्य ने कहा कि वह एक मामले में पैरवी के लिए कोतवाली गए तो पुलिस ने उनके खिलाफ ही मुकदमा लिख दिया। सांसद विधायक की सिफारिश के बाद भी एक नहीं सुनी। इसी प्रकार अंकित तिवारी ने भी घुमना चौकी इंचार्ज के खिलाफ मोर्चा खोला। सांसद प्रतिनिधि रहे वीरेंद्र कठेरिया ने मंत्री के सामने ही प्रशासन में भ्रष्टाचार की शिकायतें कीं। कार्यालय मंत्री अवनीश चतुर्वेदी ने कायमगंज तहसील के लेखपालों के लगातार रिश्वत लेने के वीडियो वायरल होने का मुद्दा उठाया। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलदीप कुशवाहा ने उन पर झूठा मुकदमा लिख दिए जाने का आरोप लगाया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बबिता पाठक ने बढ़पुर स्थित ईसाई कब्रिस्तान को उनकी संपत्ति बताकर कब्जा दिलाए जाने की मांग की। सर्वाधिक शिकायतें घुमना चौकी इंचार्ज के बारे में की गई। नगर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के परिवारी और राजेपुर ब्लाक के पूर्व प्रमुख भास्कर दत्त द्विवेदी ने नगर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में पक्षपात के आरोप लगाए।
मंत्री को न डाक्टर मिले न मरीज
गांव रमन्ना गुलजार बाग में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण पर पहुंचे लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद को वहां न तो चिकित्सक तैनात मिले और न ही वहां कोई मरीज मिला। यह हाल देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने सवाल किया कि सीएमओ साहब यहां होता क्या है? न डाक्टर न मरीज और न उपकरण। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्टाफ न होने की समस्या बताई। स्वास्थ्य केंद्र में चौकीदार तक नहीं है। शाम को सन्नाटा पसर जाता है। उधर मंत्री का दौरा देख स्वास्थ्य केंद्र में खासी, जुखाम व बुखार की कुछ दवाएं जरूर पहुंचाकर महिला वार्ड में दो बेड डाले गए थे, लेकिन मरीज न मिलने के कारण वह खाली पड़े थे। यहां मरीज के भर्ती होने व दवा दिए जाने का कोई भी रिकार्ड नहीं था। वहां कुछ उपकरण रखे थे, जिनकी पैकिंग तक नहीं खुली थी। आवास खाली पड़े थे और उनमें पानी तक नहीं आ रहा था।
यह भी पढें : MLA के रहते पूर्व मंत्री को नहीं बनाया जा सकेगा मुख्य अतिथि
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
