Tuesday, February 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबलरामपुरBalrampur News:CM ने किया KGMU के सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास

Balrampur News:CM ने किया KGMU के सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास

चिकित्सा परिसर के अंतर्गत 300 विस्तरों वाले चिकित्सालय का होगा निर्माण

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवीपाटन मंडल के आकांक्षात्मक जनपद बलरामपुर में किंग जॉर्ज विश्वविद्यालय लखनऊ के सेटेलाइट सेंटर अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सा परिसर के अंतर्गत 300 विस्तरों वाले चिकित्सालय के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर की आम जनता की भावनाओं के अनुरूप किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय से इस चिकित्सालय के जुड़ जाने से चिकित्सा सुविधा के साथ ही साथ चिकित्सा शिक्षा भी मिल सकेगी, क्योंकि किंग जॉर्ज विश्ववविद्यालय देश का सबसे बड़ा चिकित्सा विश्वविद्यालय है, जहां पर 4000 बेड की क्षमता है तथा यह चिकित्सा विश्वविद्यालय लगभग 115 वर्ष पुराना है। इस चिकित्सालय के सेटेलाइट सेंटर से जुड़ जाने से यहां पर कभी भी फैकल्टी की कमी नहीं होगी तथा यहां के आम जनता को चिकित्सा सुविधा अनवरत मिलती रहेगी। इस चिकित्सालय के निर्माण से बलरामपुर जनपद के लोगों की आवश्यकता पूरी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद इस क्षेत्र का जितना विकास होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। यहां पर तीन वर्ष पूर्व सड़कें भी ठीक नहीं थीं तथा अपराध चरम पर था। लेकिन इस समय यहां की आम जनता को सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और लोकतंत्र की शक्ति का आगाज हुआ है। उन्होंने भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की कर्मभूमि तथा भारतरत्न नानाजी देशमुख की साधना स्थली बलरामपुर होने का जिक्र करते हुए कहा कि इस जनपद के इन दोनों महापुरुषों को भारतरत्न का सम्मान मिला। उन्होंने बलरामपुर के महाराजा के रचनात्मक कार्यों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 से लड़ाई में भारत विश्व का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि जब तक कोरोना महामारी की वैक्सीन नहीं आ जाती और संक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक सभी लोग पूरी सावधानी बरतें तथा दो गज की दूरी और मास्क जरूरी के नियम का पूरी तरह पालन करें।

Balrampur News:CM ने किया KGMU के सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास


मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नाम से चिकित्सा विश्वविद्यालय बनेगा, जिससे प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज संबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि विगत तीन वर्षों में चिकित्सा के क्षेत्र में सरकार द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। प्रदेश में जहां पहले 12 मेहडकल कॉलेज थे। तीन वर्षों में 29 नए मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो एम्स भी बनाए जा रहे हैं, जिसमें एक गोरखपुर में तथा एक रायबरेली में बन रहा है। उन्होंने कहा कि देवीपाटन मंडल के जनपदों में जहां मेडिकल कॉलेज नहीं थे, वहीं अब गत वर्ष से जनपद बहराइच के मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा शुरू हो गई है। गोण्डा में चिकित्सा महाविद्यालय खोला जा रहा है तथा बलरामपुर के इस मेडिकल कॉलेज को लेकर अब देवीपाटन मंडल में तीन-तीन मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के नौजवानों को नौकरी देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। अब तक तीन लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी दी गई है और प्रदेश सरकार का प्रयास है कि हर प्रकार की बाधाओं को दूर करते हुए नौजवानों को नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जातियता आदि कुत्सित प्रयासों से आम जनता को जागरूक होना पड़ेगा। प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास तथा सबका विश्वास के अनुरूप योजनाएं जन-जन तक पहुंचा रही है। मंडल के थारू जनजाति क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा है। किसानों को सम्मान निधि, ऋण माफी तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं से सरकार द्वारा लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलरामपुर चीनी मिल के द्वारा समय से गन्ना मूल्य का भुगतान होने के कारण किसानों के जीवन में खुशहाली आई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 24 करोड़ की जनता का अभिनंदन किया कि कोविड-19 जैसी महामारी के संक्रमण व मृत्यु दर रोकने में उनका अपूर्व योगदान प्राप्त हुआ है।
समारोह को संबोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा रजनीश दुबे ने बताया कि यह सेटेलाइट सेंटर प्रदेश का पहला सेंटर है, जो लगभग 50 एकड़ में बनेगा और सभी चिकित्सा सुविधाओं से संपन्न होगा। इसका नाम भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि यह चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज आगामी मार्च 2022 तक पूर्ण हो जाएगा। समारोह को विधायक सदर पलटूराम ने संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री का जनपद की ओर से स्वागत किया। इस अवसर पर केजीएमयू के प्रति कुलपति जीपी सिंह, दर्जा प्राप्त मंत्री चंद्रलाल चौधरी, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ल, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, मंडलायुक्त एसवीएस रंगाराव, डीआईजी डा. राकेश सिंह, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अमनदीप डुली व अन्य संबंधित अधिकारी व उपस्थित रहे।

Balrampur News:CM ने किया KGMU के सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास
RELATED ARTICLES

Most Popular