संवाददाता
बहराइच। मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना ने शुक्रवार को द्वारा पूर्वान्ह 10ः10 बजे विकास भवन स्थित कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायज़़ा लेने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय के 06, कृषि विभाग के 05, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के 09, जिला ग्राम्य विकास अधिकरण के 11, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय के 09 तथा जिला विकास कार्यालय के 01 अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। जबकि जिला विकास कार्यालय के 03 कर्मचारियों द्वारा अग्रिम हस्ताक्षर किया हुआ पाया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीडीओ कविता मीना ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने अधीनस्थ अनुपस्थित पाये गये अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य के लिए सचेत करते हुए लिखित रूप से कड़ी चेतावनी जारी की जाय। यदि भविष्य में पुनः इस प्रकार की पुनरावृत्ति पायी जाती है, तो अनुपस्थिति तिथि का वेतन बाधित करते हुए सम्बन्धित के विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जायेगी।
